PM मोदी, शाह ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

Last Updated 26 Jan 2021 08:59:07 AM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी(फाइल फोटो)

मोदी ने मंगलवार को अपने टि्वट संदेश में कहा , “ देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद!”

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने देशवासियों को 72वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि हमें अपने आप को संविधान के मूल्य और आदर्शों के प्रति समर्पित करना चाहिए।

नायडू ने मंगलवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि इस गणतंत्र दिवस पर उपलब्धियों का उत्सव मनाया जाना चाहिए और आत्मनिर्भर भारत बनाने का प्रयास करना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने कहा , " देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई।

हम अपने संविधान में निहित स्वतन्त्रता, समानता, बंधुत्व तथा सभी को न्याय जैसे आदर्शों के प्रति स्वयं को समर्पित करें।"
नायडू ने कहा कि हम सभ्यतागत मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति अपने संकल्प को दोहराएं और अपने गणतंत्र की उपलब्धियों का उत्सव मनाएं तथा आत्मविश्वास से भरे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए हर संभव प्रयास करें।

शाह ने भी अपने संदेश में कहा , “ गणतंत्र दिवस’ भारत की बहुरंगी विविधता और समृद्ध सांस्‍कृतिक विरासत का प्रतीक है।

मैं उन सभी महान विभूतियों का स्मरण करता हूँ, जिनके संघर्ष से 1950 में आज के दिन हमारा संविधान लागू हुआ और साथ ही उन सभी वीरों को नमन करता हूँ जिन्होंने अपने शौर्य से भारतीय गणतंत्र की रक्षा की है।”

समूचा राष्ट्र आज 72 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और भारत मां की उन महान हस्तियों को याद कर रहा है जिन्होंने देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है।


साथ ही उन शूर वीरों को नमन कर रहा है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान दिया और देश की सीमाओं तथा उसकी एकता व अखंडता को अक्षुण रखा।

 

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment