दिल्ली-NCRके कई इलाकों में बारिश, न्यूनतम तापमान बढकर 7 डिग्री सेल्सियस हुआ

Last Updated 02 Jan 2021 12:35:18 PM IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हिस्सों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई जबकि बादल छाये रहने के चलते न्यूनतम तापमान बढकर सात डिग्री सेल्सियस हो गया। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी।


दिल्ली-NCRके कई इलाकों में बारिश, ठंड बढ़ने के आसार

राष्ट्रीय राजधानी में आज  सुबह कोहरा छाया रहा, जिसके कारण दृश्यता काफी कम थी। सफदरजंग में ‘‘मध्यम’’ स्तर के कोहरे के चलते दृश्यता घटकर 201 मीटर रह गई। घना कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता काफी कम थी विशेषकर राजमार्ग में यातायात धीमी गति से चल रहा था।   

मौसम विभाग के मुताबिक  हल्की बारिश तथा बूंदा-बांदी के आसार हैं, जबकि आसमान में आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ‘‘बहुत घना’’ कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है। ‘‘घना’’ कोहरा तब होता है जब दृश्यता 51 से 200 मीटर के बीच होती है, ‘‘मध्यम’’ कोहरा तब होता है जब दृश्यता 201 और 500 मीटर के बीच होती है और ‘‘हल्का’’ तब होता है जब दृश्यता 501 और 1,000 मीटर के बीच होती है।    

आईएमडी ने कहा, ‘‘हमारे पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत पर शुरू हो गया है। पालम में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। रिज, आयानगर और लोधी रोड में बूंदाबांदी हुई है।’’    

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते दिल्ली में अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान बढकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।   

शुक्रवार को, पारा गिरकर 1.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो जनवरी में 15 साल में सबसे कम था और ‘‘बहुत घने’’ कोहरे के चलते दृश्यता ‘‘शून्य’’ मीटर तक हो गई थी।     आठ जनवरी 2006 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब तक का सबसे कम तापमान जनवरी 1935 में शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।   

आईएमडी ने कहा कि पिछले साल जनवरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।    

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि न्यूनतम तापमान ‘‘तीव्र’’ पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में बढने लगा है, जो छह जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।

पंजाब, हरियाणा के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश  

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी मौसम सर्द बना रहा, हरियाणा के हिसार में तापमान गिरकर दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोनों ही राज्यों के कई हिस्सों में रातभर बारिश हुई।      

चंडीगढ में 0.6 मिमी, अंबाला में दो मिमी, करनाल में 2.8 मिमी, सिरसा में 0.6 मिमी, लुधियाना में 0.4 मिमी, पटियाला में 0.4 मिमी और हलवाड़ा में पांच मिमी बरसात हुई।  

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार में तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम, दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  वहीं, चंडीगढ में तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment