हम कोविड-चीन दोनों से लड़ने में सक्षम

Last Updated 04 Dec 2020 03:36:13 AM IST

नौसेना अध्यक्ष एडमिरल कर्मवीर सिंह का कहना है कि मौजूदा समय कोविड-19 और चीन भारत के लिए दोहरी चुनौती बने हुए हैं और हम दोनों से निपटने में सक्षम हैं।


हम कोविड-चीन दोनों से लड़ने में सक्षम

नौसेना दिवस की पूर्व संध्या पर वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा कि देश के सामने कोरोना और सीमा पर चीन से निपटने की चुनौती है और नौसेना इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
नौसेना की तैयारियों के बारे में एडमिरल करमबीर सिंह ने बताया कि भविष्य में 43 युद्धपोतों और पनडुब्बियों में से 41 को भारत में बनाया जाना है, जिसमें स्वदेशी विमान वाहक पोत भी शामिल होगा। ऐसा ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के मद्देनजर किया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना ने नवम्बर में जहाजों पर चार महिला अधिकारियों को नियुक्त किया है और दो महिला अधिकारियों को मालदीव और रूस में विदेशी बैलेट में नियुक्त किया गया है।

नौसेना प्रमुख ने कहा, हिंद महासागर में चीनी जहाजों द्वारा अतिक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास एक एसओपी है। लीज पर लिए गए दो प्रीडेटर ड्रोन हमारी निगरानी क्षमता में अंतर को पूरा करने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 24 घंटे निगरानी की क्षमता हमें निरंतर निगरानी करने में मदद कर रही है। जब एडमिरल सिंह से चीन के साथ जारी संघर्ष में नौसेना की भूमिका को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, नौसेना की गतिविधियां भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के साथ निकट समन्वय और तालमेल में हैं। हम किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment