पीएम मोदी ने लोगों को दी 'पूजोर शुभेच्छा', कहा- भारत की एकता और पूर्णता का पर्व है 'दुर्गा पूजा'

Last Updated 22 Oct 2020 12:46:37 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व भी है।


पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों को दी 'पूजोर शुभेच्छा'

बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए रंग देती है, नया श्रृंगार देती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजधानी दिल्ली से पश्चिम बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मेरे भाइयों और बहनों आज भक्ति की शक्ति ऐसी है, जैसे लग रहा है कि मैं दिल्ली में नहीं लेकिन आज मैं बंगाल में आप सभी के बीच उपस्थित हूं। जब आस्था अपरम्पार हो, मां दुर्गा का आशीर्वाद हो, तो स्थान, स्थिति, परिस्थिति, से आगे बढ़कर पूरा देश ही बंगालमय हो जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व भी है। बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए रंग देती है, नया श्रृंगार देती है। ये बंगाल की जागृत चेतना का, बंगाल की आध्यात्मिकता का, बंगाल की ऐतिहासिकता का प्रभाव है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की भूमि से निकले महान व्यक्तियों ने जब जैसी आवश्यकता पड़ी, शस्त्र और शास्त्र से, त्याग और तपस्या से मां भारती की सेवा की। उन्होंने कहा, बंगाल की माटी को अपने माथे से लगाकर जिन्होंने पूरी मानवता को दिशा दिखाई, उन रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, चैतन्य महाप्रभु, ऑरोबिंदो, बाबा लोकनाथ, ठाकुर अनुकूल चंद्र, मां आनंदमयी को मैं प्रणाम करता हूं।

पीएम मोदी ने दुर्गा पूजा के मौके पर बताया नारी शक्ति का महत्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजन समारोहों में वर्चुअल तरीके से हिस्सा लेते हुए नारी शक्ति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति हमेशा से सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारी मां दुर्गा 'दारिद्रय दु:ख भय हारिणि' कही जाती हैं, 'दुर्गति-नाशिनी' कही जाती हैं। अर्थात, वो दुखों को, दरिद्रता को, दुर्गति को दूर करती हैं। इसलिए, दुगार्पूजा तभी पूरी होती है जब हम किसी के दुख को दूर करते हैं, किसी गरीब की मदद करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिषासुर का वध करने के लिए माता का एक अंश ही पर्याप्त था, लेकिन इस कार्य के लिए सभी दैवीय शक्तियां संगठित हो गई थीं। वैसे ही नारी शक्ति हमेशा से सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। ऐसे में सभी का दायित्व है कि संगठित रूप से सभी उनके साथ खड़े हों।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तीकरण को भाजपा का संस्कार और संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि रेप की सजा से जुड़े कानूनों को बहुत सख्त किया गया है, दुराचार करने वालों को मृत्युदंड तक का प्रावधान है। भारत ने जो नया संकल्प लिया है - आत्मनिर्भर भारत के जिन अभियान पर हम निकले हैं, उसमें भी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को मजबूत बनाने की दिशा में उठाए गए केंद्र सरकार के कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 22 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोलना हो या फिर मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आसान ऋण देना हो। चाहे 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान हो या फिर तीन तलाक के खिलाफ कानून हो। देश की नारीशक्ति को सशक्त करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment