हाथरस कांड : प्रियंका गांधी दिल्ली स्थित वाल्मीकि मंदिर में प्रार्थना सभा में शामिल हुईं

Last Updated 02 Oct 2020 05:43:53 PM IST

दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में हाथरस में 19 साल की युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में प्रार्थना सभा रखी गई, जो कि वाल्मीकि समाज के अलग-अलग संगठनों द्वारा आयोजित हुई।


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी

वहीं इस सभा में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीड़िता को श्रंद्धाजलि दी, इस सभा में कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रियंका गांधी ने मंदिर में पहुंच कर आशीर्वाद लिया। उसके बाद पीड़िता की फोटो पर फूल चढ़ा कर श्रंद्धाजलि अर्पित की।

प्रियंका गांधी ने इस प्रार्थना सभा में कहा कि, "इस देश में हर एक महिला की आवाज उठनी चाहिए, पीड़िता के साथ पहले जो हुआ और उसके बाद जो हुआ, सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं की गई। परिवार इस वक्त अकेला महसूस कर रहा है। मैं यहां इसलिए आई हूं कि परिवार को ये न लगे कि वो अकेले हैं।"

"आप सभी आवाज उठाइये, सरकार पर नैतिक दबाब डालें। हमारे देश की परंपरा नहीं कि परिवार के बिना अंतिम संस्कार कर दिया जाए। सूरज डूबने के बाद अंतिम संस्कार नहीं होता। हम सब चुप रहें, ऐसा नहीं हो सकता। हम यहां इसलिए आए कि पीड़िता को न्याय दिलवा पाएं। जब तक न्याय नहीं होगा, हम रुकेंगे नहीं।"

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने बताया, "प्रियंका गांधी शुरूआत से उत्तरप्रदेश में हो रहे अपराध के खिलाफ आवाज उठाती आई हैं। कांग्रेस पार्टी की पहले भी यात्रा रोकी गई, कल भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रोका गया, लाठियां चलाई गईं, कौन से भारत मे जी रहें हैं हम ? क्या ये तालिबान है"?

"गंगा जमुनी तहजीब हमें सिखाती है, किसी के यहां गम होता है, तो लोग अपनी सहानुभूति देने जाते हैं, यदि राहुल और प्रियंका गांधी जी जाना चाहते थे तो योगी जी क्यों घबराए। न्याय को लेकर हमारी मांग उठती रहेगी।"

कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने आईएएनएस को बताया, "बार-बार बेटियों के साथ दुष्कर्म और शोषण होता है। हमें निंदा नहीं बेटी जिंदा चाहिए। सरकार के दबाब में प्रशासन काम कर रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार जिसको चाहे उसको बचाती है, अपराधियों को हमेशा से बचाती रही है ये सरकार।"

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment