‘अहंकारी सरकार’ की लाठियां हमें नहीं रोक सकतीं, महिलाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा: प्रियंका

Last Updated 01 Oct 2020 06:25:48 PM IST

हाथरस जाते समय राहुल गांधी के साथ हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ‘अहंकारी सरकार’ की लाठियां उन्हें नहीं रोक सकतीं तथा महिलाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह आरोप लगाया कि उन्हें और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हाथरस जाने से रोकने के लिए पुलिस ने लाठियां चलाईं, लेकिन ‘अहंकारी सरकार’ की लाठियां उन्हें रोक नहीं सकतीं।      

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘एक घमंडी सत्ता मासूम बच्चियों के मृत शरीरों पर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रही है। अन्याय को रोकने के बजाए, खुद अन्याय कर रही है। महिलाओं के लिए एक सुरक्षित समाज और प्रदेश के लिए- जहां वो आज़ादी से जी सकें और आगे बढ सकें - हमारा संघर्ष जारी रहेगा।’’     

उन्होंने दावा किया, ‘‘हाथरस जाने से हमें रोका। राहुल जी के साथ हम सब पैदल निकले तो बारबार हमें रोका गया, बर्बर ढंग से लाठियां चलाईं। कई कार्यकर्ता घायल हैं। मगर हमारा इरादा पक्का है। एक अहंकारी सरकार की लाठियां हमें रोक नहीं सकतीं। काश, यही लाठियाँ, यही पुलिस हाथरस की दलित बेटी की रक्षा में खड़ी होती।’’      

इससे पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में रोजाना बलात्कार की घटनाएं हुई हो रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी योगी आदित्यनाथ सरकार को लेनी पड़ेगी। जो भी अपराधी हैं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी होगी।’’      

प्रियंका ने दावा किया कि जब तक सरकार को झकझोरा और जगाया नहीं जाएगा तब तक वह महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ नहीं करने वाली है।      

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि यह घटना (हाथरस सामूहिक बलात्कार) बहुत अन्यायपूर्ण थी और उसके बाद सरकार ने शव के अंतिम संस्कार में जो किया वह तो और भी बड़ा अपमान था।

भाषा
नयी दिल्ली/नोएडा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment