75 साल के हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी-शाह सहित कई नेताओं ने दी बधाई

Last Updated 01 Oct 2020 11:54:29 AM IST

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके 75वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।


कोविंद 25 जुलाई 2017 को देश के 14वें राष्ट्रपति बने थे और आज वह 75 वर्ष के हो गए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों में विद्वता देश के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है।

मोदी ने राष्ट्रपति को बधाई संदेश में कहा,” राष्ट्रपति जी को जन्मदिन. की बधाई। उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि में और नीतिगत मामलों में विद्वता देश के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है। वह कमजोरों की सेवा में अत्यंत दयालुता से जुटे रहते हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं।

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि देश के गरीब और वंचित तबके के कल्याण और सशक्तीकरण के प्रति उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है।

शाह ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ”माननीय राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व सशक्तीकरण के प्रति आपका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। आपकी बुद्धिमत्ता व कौशल से देश को नया बल मिला है। आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूँ।”

 

उपराष्ट्रपति के सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को जन्म दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जन सरोकारों को समर्पित आपके यशस्वी सार्वजनिक जीवन और अनुभवी नेतृत्व का लाभ राष्ट्र को प्राप्त हुआ है। राष्ट्र के लिए समर्पित आपके सुदीर्घ भावी जीवन में स्वास्थ्य, सुख और संतोष की कामना करता हूं।’’

 

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वस्थ की कामना की है।

जावडेकर ने कहा, ”माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके गरिमामयी व्यवहार ने इस पद की प्रतिष्ठा को और बढ़ाया है ।आपके मार्गदर्शन में देश सदैव ऐसे ही प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।”

 

नकवी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा, “भारत के महामहिम राष्ट्रपति आदरणीय राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपके अच्छे स्वास्थ्य की दुआ।”

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनकी देश और समाज के उत्थान के लिए सतत कार्य करने की विनम्र शैली हम सभी को राष्ट्र और जनसेवा के लिए प्रेरित करती है।

कोविंद का जन्म 1945 को आज ही के दिन उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के गांव परौंख में हुआ था।     

देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले वह बिहार के राज्यपाल रह चुके हैं। कोविंद राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं।

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment