देश में 34 लाख पार पहुंचा कोरोना का आंकड़ा, एक दिन में 65 हजार लोग हुए ठीक

Last Updated 29 Aug 2020 11:18:35 AM IST

देश में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 65 हजार मरीजों ने इस संक्रमण से निजात पायी है जिससे रोगमुक्त होने वालों की कुल संख्या 26.49 लाख पर पहुंच गयी है हालांकि इसकी तुलना में अधिक नये मामले सामने आने से सक्रिय मामले 10 हजार से ज्यादा बढ़े हैं।


केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 65,050 लोगों के संक्रमणमुक्त होने से स्वस्थ होने वालों की संख्या 26,48,999 हो गयी है। इस दौरान संक्रमण के 76,472 नये मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 34,63,973 हो गया। स्वस्थ होने वालों की तुलना में संक्रमण के नये मामले अधिक होने से सक्रिय मामले 10,401 बढ़कर 7,52,424 हो गये हैं।

देश के केवल 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस दौरान मरीजों की संख्या कम हुई है और इनमें से छह राज्यों में यह संख्या दहाई अंकों तक ही सीमित रह गयी। इस अवधि में 1,021 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 62,550 हाे गयी। देश में सक्रिय मामले 21.72 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 76.47 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.81 प्रतिशत है।

कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 2,489 बढ़कर 1,81,050 हो गयी तथा 331 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 23,775 हो गया। इस दौरान 11,607 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 5,43,170 हो गयी। देश में सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं।

आंध्र प्रदेश में इस दौरान मरीजाें की संख्या 1,982 बढ़ने से सक्रिय मामले 96,191 हो गये। राज्य में अब तक 3,714 लोगों की मौत हुई है, वहीं कुल 3,03,711 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।
दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 1,360 की वृद्धि हुई है और यहां अब 86,366 सक्रिय मामले हैं। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 5,368 पर पहुंच गया है तथा अब तक 2,27,018 लोग स्वस्थ हुए हैं।

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment