मेजर ध्यानचंद की जयंती पर PM मोदी-शाह ने दी श्रद्धांजलि

Last Updated 29 Aug 2020 10:25:35 AM IST

आज पूरा देश बड़े ही उत्साह के साथ खेल दिवस मना रहा है।आज हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती हैं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर स्मरण करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाशाली एथलीटों की सफलता के लिए परिवारों और कोच के योगदान की सराहना की तथा खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर कई ट्वीट कर कहा, “भारत सरकार खेल को लोकप्रिय बनाने और देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रयास कर रही है। मैं सभी से खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह करता हूं । ऐसा करने के कई फायदे हैं। इससे हर कोई खुश और स्वस्थ रह सकता है!”

उन्होंने आगे लिखा, “आज राष्ट्रीय खेल दिवस पर हम मेजर ध्यानचंद को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं, जिनका हॉकी स्टिक पर जादू कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज हमारे प्रतिभाशाली एथलीटों की सफलता के लिए उनके परिवारों, कोचों और सहयोगी कर्मचारियों के उत्कृष्ट समर्थन की सराहना करने का भी दिन है। राष्ट्रीय खेल दिवस उन सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन है, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और हमारे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। उनका तप और दृढ़संकल्प असाधारण है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर स्मरण करते हुए कहा कि मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्ररेणा का स्रोत रहेगा।

 

शाह ने मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए लिखा,” हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी को उनकी जयंती पर श्रद्धा सुमन। एक अभूतपूर्व चरित्र जिन्होंने अपने जादुई खेल से तीन ओलंपिक मेडल जीते और लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। उनकी प्रतिभा, कामयाबियां और मातृभूमि के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्ररेणा का स्रोत बना रहेगा।”

शाह ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सलाम करते हुए कहा मोदी सरकार खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों से युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।

शाह ने इस अवसर पर अपने संदेश में कहा,” राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैं अपने उन सभी खिलाड़ियों को सैल्यूट करता हूं जिन्होंने अपनी उमंग और लगन से भारत को गौरवान्वित किया। मोदी सरकार खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों से देश में खेलों के संवर्धन में सहायक भूमिका निभाने और युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मेजर ध्यानचंद की वर्षगांठ 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज उनकी 115 वीं जयंती है।

उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। नायडू ने यहां जारी एक संदेश में कहा कि मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है इसलिए नियमित रूप से योग और व्यायाम किया जाना चाहिए।

उप राष्ट्रपति ने कहा, ”राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं!” उन्होंने कहा कि कोरोना ने हमारी खेल-कूद की गतिविधियों को बाधित कर रखा है लेकिन आज शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना ज्यादा जरूरी है, तभी हम संक्रमण से लड़ पाएंगे। अतः नियमित योग करें… व्यायाम करें, ‘फिट इंडिया’ को जन-आंदोलन बनाएं।

नायडू ने कहा, ”इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनकी जन्म जयंती को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।”

मेजर ध्यानचंद के समय भारत 1929, 1932 और 1936 लगातार तीन बार ओलंपिक खेलों में हॉकी विजेता बना था।
 

एजेन्सिया
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment