पूर्व सपा नेता और राज्यसभा सदस्य अमर सिंह का निधन

Last Updated 01 Aug 2020 05:11:15 PM IST

राज्यसभा सांसद और सपा के पूर्व महासचिव अमर सिंह का शनिवार को निधन हो गया। वह चौसठ वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्री हैं।


राज्यसभा सदस्य अमर सिंह (फाइल फोटो)

अमर सिंह गुर्दा रोग से पीड़ित थे और छह माह से अधिक समय से सिंगापुर में उनका उपचार चल रहा था। सांसद का दूसरी बार गुर्दा प्रत्यारोपण हुआ था, हालांकि गुर्दा प्रत्यारोपण सफल रहा था। उनकी हालत में सुधार हो रहा था किंतु फिर संक्रमण होने से उनका स्वास्थ्य बिगड़ता चला गया। डाक्टरों ने सिंह को बचाने का भरपूर प्रयास किया किंतु असफल रहे।

सिंह ने मृत्यु से तीन घंटे पहले दो ट्वीट किए थे। उन्होंने अपने ट्वीट में ईद-उल-अजहा की देशवासियों को बधाई दी थी। एक अन्य ट्वीट में दिवंगत नेता ने लोकमान्य बाल गंगाधर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी थी।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 27 जनवरी 1956 में जन्मे सिंह सपा संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के सबसे खासमखास थे। अमर सिंह मेगास्टार अमिताभ बच्चन के भी निकटतम थे किंतु बाद में दोनों में अनबन हो गई थी। सिंह ने 2010 में सपा महासचिव पद और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

बाद में 2 फरवरी 2010 को सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। वह 2011 में कुछ समय जेल में भी रहे और कुछ समय तक राजनीति से दूर रहने के बाद सिंह 2016 में सपा के समर्थन से फिर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। इसी वर्ष अक्टूबर में उन्हें फिर सपा महासचिव बनाया था।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment