कांग्रेस का आरोप, BJP ने रक्षा सौदे में किया घोटाला

Last Updated 31 Jul 2020 04:52:19 PM IST

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर रक्षा सौदे में घोटाला करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके पूर्व अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण और उसकी सहयोगी समता पार्टी की नेता जया जेटली को रक्षा खरीद में भ्रष्टाचार के कारण मिली सजा से साफ हो गया है कि भाजपा सरकार में जवाबदेही तथा पारदर्शिता नहीं है और वहां सिर्फ रिश्वतखोरी चलती है।


कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल (फाइल फोटो)

कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राफेल लड़ाकू विमान सौदे में भी घोटाला हुआ है और जब भी केंद्र में सरकार बदलेगी और इस मामले की जांच होगी तब भाजपा का एक और रक्षा घोटाला देश के सामने आएगा। भाजपा के रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार से साफ हो गया है कि उसका राष्ट्रवाद महज ढपोरशंख है और देश की सुरक्षा से समझौता करना उसकी नीति का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि डिफेंस डील में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का स्टिंग ऑपरेशन हुआ जिसमें वह एक लाख रुपये लेते हुए कैमरे में कैद हुए। भ्रष्टाचार के ठोस सबूत होने के कारण उन्हें सजा हुई। अब महज दो दिन पहले ही भाजपा सरकार में उसकी सहयोगी रही समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली को रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार करने को लेकर सजा हुई है।

प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली की एक अदालत ने 115 पेज के अपने फैसले में समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष को गुनहगार ठहराया और कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री के घर पर पैसा लिया था।

अदालत ने लगभग 20 साल पुराने रक्षा सौदे में रिश्वत लेने के मामले में उन्हें चार साल की कैद की सजा सुनाई है हालांकि बाद में वह दिल्ली हाईकोर्ट गयी तो उनकी उम्र को देखते हुए न्यायालय ने उन्हें राहत दी है।

उन्होंने भाजपा को रक्षा खरीद में भ्रष्टाचार का आरोपी बताया और कहा, “जब रक्षा खरीद की जाती है तो इसमें कुछ मापदंडों का पालन किया जाता है। इसमें पहला मापदंड देश बनाओ का होता है लेकिन भाजपा ने पैसा बनाओ नीति का पालन किया। दूसरा मापदंड राष्ट्र सुरक्षा का होता है लेकिन भाजपा ने खुद की जेब मजबूत करने की नीति के तहत रक्षा करार किया। तीसरा मापदंड कानून के पालन का होता है लेकिन भाजपा सरकार ने कानून पालन की जगह पैसे तथा सिफारिश को ध्यान में रखकर काम किया है।”

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment