रूस निपटाएगा भारत-चीन सीमा विवाद

Last Updated 16 Jun 2020 01:52:05 AM IST

भारत चीन सीमा विवाद के बीच 22 जून को भारत, रूस एवं चीन के विदेश मंत्रियों की मीटिंग होने जा रही है।


रूस निपटाएगा भारत-चीन सीमा विवाद

सूत्रों के अनुसार भारत और चीन के बीच लद्दाख में पिछले काफी दिनों से चले आ रहे तनाव व सीमा विवाद में अब रूस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उल्लेखनीय है भारत-चीन सीमा विवाद में बैक चैनल से रूस लगातार सक्रिय है। उसकी कोशिश है कि उसके दोनों सहयोगी देशों के बीच का यह मामला जल्द से जल्द शांतिपूर्वक सुलझ जाए। 

सूत्रों की मानें तो इस विवाद के शुरुआती दिनों में ही भारत के विदेश मंत्रालय के अधिकारी रूस के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के संपर्क में थे और रूस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई थी।

विदेश मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार 22 जून को होने वाली त्रिपक्षीय बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस मामले को उठा सकते हैं। इस मीटिंग पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद सुलझाने के लिए सैन्य स्तर पर कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन नतीजा अभी नहीं निकला है। माना जा रहा है कि कूटनयिक तरीके से ही इस विवाद का समाधान होने की उम्मीद है।

रूस लगातार चीन और भारत के संपर्क में है और इस कोशिश में जुटा हुआ है कि दोनों देशों के बीच में तनाव युद्ध तक न पहुंचे। भारत और चीन के बीच सीमा विवाद के बाद यह कूटनीतिक स्तर पर पहली उच्चस्तरीय वार्ता होगी।

कूटनयिक विशेषज्ञों का मानना है कि रूस भारत और चीन के बीच मध्यस्थों की भूमिका निभाने के लिए न केवल सबसे उपयुक्त है, बल्कि दोनों ही देशों के साथ उसके नजदीकी संबंधों के चलते इस बात की भी उम्मीद है कि मामला शांतिपूर्ण ढंग से निपट जाएगा। रूस की पहल पर इस बैठक को बुलाया गया है।

इस बैठक में भारत-चीन सीमा विवाद के साथ ही कोरोना महामारी क्षेत्रीय सुरक्षा आपसी सहयोग जैसे विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

सहारा न्यूज ब्यूरो/प्रतीक मिश्र
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment