अम्फान प्रभावित ओडिशा के लिए 500 करोड़ राहत पैकेज की घोषणा

Last Updated 22 May 2020 06:27:50 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ओडिशा के तटीय जिलों में चक्रवात अम्फान से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए हवाई सर्वे किया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

मोदी ने  मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में चक्रवात अम्फान की​ स्थिति को लेकर बैठक की जिसमें उन्होने ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लोगों के साथ एकजुटता दिखाते हुए और जान गंवाने वालों के लिए दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और राज्य में चक्रवात में गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

हवाई सर्वे में उनके साथ राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी थे, जबकि केंद्रीय मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान और प्रताप सारंगी ने एक अलग हेलिकॉप्टर में उड़ान भरी।

ओडिशा तट को पार करने और पश्चिम बंगाल तट पर बुधवार को दस्तक देने के बाद चक्रवात ने राज्य के तटीय क्षेत्रों में तबाही का मंजर छोड़ा है।

चक्रवात के कारण 89 ब्लॉकों में 44 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

इससे पहले, मोदी ने ट्वीट किया था, "मेरे विचार ओडिशा के लोगों के साथ हैं क्योंकि राज्य चक्रवात अम्फान के प्रभाव खिलाफ बहादुरी से लड़ रहा है। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। मैं जल्द से जल्द हालात सामान्य होने की प्रार्थना करता हूं।"


ओडिशा आने से पहले, प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और स्थिति की समीक्षा के बाद तत्काल सहायता के लिए 1,000 करोड़ रुपये की घोषणा की।
 

 

ऐजेंसी
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment