कोरोना से देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र प्रभावित, एक दिन में 25 मौतें, तोड़ा नैशनल रेकॉर्ड

Last Updated 10 Apr 2020 02:21:37 PM IST

कोरोना वायरस ने देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र को प्रभावित किया है। यहां 1,390 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं अब तक 97 लोगों की इससे मौत हो चुकी है।


महाराष्ट्र में कोविड -19 के पॉजिटिव मामलों की संख्या में शुक्रवार सुबह 26 की और बढ़ोतरी हो गई। अब तक ये कुल संख्या 1,390 हो गई है। बृहन्मुंबई नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को मुंबई के धारावी स्लम इलाके में 5 नए मामले मिले जिससे अब धारावी में कुल 22 मामले हो गए हैं। गुरुवार तक यहां 17 मामले थे।

दिल्ली में तबलीगी जमात में भाग लेने वाले दो अन्य लोग भी मुंबई में पॉजीटिव पाए गए हैं। वहीं दादर में 3 नए मामले आए, जिनमें निजी अस्पताल सुश्रुषा की दो नर्स शामिल हैं। राज्य में मुंबई के बाहर पुणे में 9 नए मामले, अकोला में 4, बुलढाणा में 2 और रत्नागिरी में 1 मामला दर्ज हुआ है। वहीं 25 मौतें हुईं हैं। अब तक किसी राज्य में सबसे अधिक महाराष्ट्र में कुल 97 मौतें हो चुकी हैं।

कोरोना वायरस के कारण देश में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को 199 हो गई और संक्रमित लोगों की संख्या 6,412 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब भी 5,709 लोग संक्रमित हैं, 503 लोग स्वस्थ हो गए और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई तथा एक व्यक्ति देश छोड़कर चला गया।

मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम से लेकर अब तक कम से कम 30 और लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र में 25 लोगों की मौत हुई है, दिल्ली में तीन तथा गुजरात और झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। अब तक सबसे अधिक 97 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। इसके बाद गुजरात में 17, मध्य प्रदेश में 16 और दिल्ली में 12 लोगों ने जान गंवाई।

पंजाब और तमिलनाडु में आठ-आठ लोगों की मौत हुई जबकि तेलंगाना में सात लोगों की मौत हुई।

पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में पांच-पांच लोगों ने जान गंवाई। आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से चार-चार लोगों की मौत हुई जबकि हरियाणा तथा राजस्थान में तीन-तीन लोगों की मौत हुई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, केरल में दो लोगों की मौत हुई। बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा तथा झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

कुल 6,412 संक्रमितों में 71 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

भाषा/आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment