केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में कोई भी मुख्यमंत्री और बाहरी नेताओं को न्योता नहीं
रामलीला मैदान में होने जा रहे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ दिल्ली की जनता को बुलाया है।
![]() आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो) |
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में किसी मुख्यमंत्री या अन्य राज्यों के नेताओं को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। केजरीवाल 16 फरवरी को यहां रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पार्टी नेता गोपाल राय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
आप की दिल्ली इकाई के संयोजक राय ने बताया कि केजरीवाल दिल्ली केन्द्रित समारोह में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘कोई मुख्यमंत्री या अन्य राज्यों के किसी नेता को इस समारोह में आमंत्रित नहीं किया जाएगा, यह केवल दिल्ली तक सीमित रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के लोगों के बीच शपथ लेंगे, जिन्होंने उनके नेतृत्व में एक बार फिर विश्वास दिखाया है।
गौरतलब है कि आठ फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की है और पार्टी यहां तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
| Tweet![]() |