नागरिकता बिल: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने बोला मोदी सरकार पर हमला

Last Updated 10 Dec 2019 12:53:12 PM IST

लोकसभा में नागरिकता संशोधन पारित होने के बाद सरकार पर विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर हमला बोला है।


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि यह विधेयक संविधान पर हमला है और इसका समर्थन करना भारत की बुनियाद को नष्ट करने का प्रयास होगा।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘नागरिकता संशोधन विधेयक संविधान पर हमला है। जो कोई भी इसका समर्थन करता है वो हमारे देश की बुनियाद पर हमला और इसे नष्ट करने का प्रयास कर रहा है।’’  

 

संविधान को नष्ट करने के सरकार के व्यवस्थित एजेंडे से लड़ेंगे: प्रियंका

वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इसे लेकर मोदी सरकार को घेरा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर ‘‘कट्टरता’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के संविधान को नष्ट करने के ‘‘व्यवस्थित एजेंडे’’ के खिलाफ लड़ेगी।   

प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बीती रात लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने के साथ भारत कट्टरता एवं संकुचित विचारों वाले अलगाव से भारत के वादे की पुष्टि हुई। हमारे पूर्वजों ने हमारी स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण दिये। उस स्वतत्रंता में समता का अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार निहित है।’’  उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संविधान, हमारी नागरिकता, एक मजबूत एवं एकजुट भारत के हमारे सपने से हम सभी से जुड़े हुए हैं।’’  

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘हम सरकार के उस एजेंडे के खिलाफ लड़ेंगे जो हमारे संविधान को व्यवस्थित ढंग से खत्म कर रहा है तथा उस बुनियाद को खोखला कर रहा है जिस पर हमारे देश की नींव पड़ी।’’ 

 

गौरतलब है कि लोकसभा ने सोमवार रात नागरिकता संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने का पात्र बनाने का प्रावधान है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment