यूपी: योगी सरकार का दावा- 'प्रदेश में क्राइम ग्राफ' घटा, प्रियंका गांधी बोलीं- झूठ बोल रहें हैं BJP नेता

Last Updated 05 Dec 2019 11:41:31 AM IST

उन्नाव में बलात्कार पीड़िता को आग के हवाले किए जाने की घटना पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गुरूवार को आक्रोश जाहिर किया और गृहमंत्री तथा सूबे की सरकार पर हमला बोला है।


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)

जबकि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दावा किया है कि प्रदेश में साल दर साल अपराध का ग्राफ गिरा है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में कहा गया है कि पिछली सरकार के वक्त एक साल में (2016) हत्या, डकैती, लूट, दुष्कर्म और दहेज-हत्या के 14,980 मामले दर्ज किए गए थे। जबकि योगी सरकार में जनवरी से लेकर 15 नवंबर, 2019 तक 10,064 मामले दर्ज हुए हैं। सपा सरकार की तुलना में भाजपा सरकार में करीब 5,000 मामले कम हुए हैं।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ’कल देश के गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने साफ-साफ झूठ बोला कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था अच्छी हो चुकी है।हर रोज ऐसी घटनाओं को देखकर मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए।’     

 

बिहार थाना क्षेत्र के सिंदूपुर गांव में बलात्कार की एक पीड़िता को गुरूवार को पांच लोगों ने कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया।       

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने पांच लोगों के नाम लिए हैं, जिनमें से दो लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पीड़िता को लखनऊ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। 

योगी सरकार ने राज्य में अपराध दर की गिरावट का दावा करते हुए आंकड़े जारी किए हैं। जारी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2016 में जनवरी से दिसंबर के बीच 4,679 हत्याएं हुईं, जबकि योगी सरकार में यह आकड़ा घटकर 3,294 रह गया है। आंकड़ों के मुताबिक साल-दर साल योगी सरकार में अपराध घटे हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, "प्रदेश की बहन-बेटियों के साथ जिस प्रकार दुष्कर्म, अत्याचार व हत्या की खबरें आ रही हैं, वे दिल दहलाने वाली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश की लड़कियों और महिलाओं के लिए यह आज तक का सबसे खराब दौर है। घोर निंदनीय।"

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि योगी सरकार अपराध पर अंकुश लागाने में सजग है, इसीलिए अपराध में कमी हो रही है। सपा सरकार ने अपराधियों को पाला है। आज उन पर कार्रवाई हो रही, इसीलिए अखिलेश यादव को पीड़ा हो रही है।


भाषा/आईएएनएस
उन्नाव


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment