नौसेना दिवस: राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं

Last Updated 04 Dec 2019 09:46:37 AM IST

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना दिवस के मौके पर बुधवार को सभी नौसेना कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

राष्ट्रपति ने ट्विटर पर अपने शुभकामना संदेश में लिखा, ‘‘नौसेना दिवस के मौके पर भारतीय नौसेना के सभी अधिकारियों और जवानों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी समुद्री सीमाओं की रक्षा करने, हमारे व्यापारी मार्गों को सुरक्षित करने और आपातकाल में नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपकी प्रतिबद्धता पर राष्ट्र को गर्व है। आप ऐसे ही जल क्षेत्र में राज करते रहें। जय हिंद।’’

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट किया, ‘‘नौसेना दिवस के अवसर पर नौसैनिकों, अधिकारियों, उनके परिजनों और भूतपूर्व नौसैनिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। आप देश की सागर सीमाओं और सागर संपदा के सजग प्रहरी हैं।’’    

आंतरिक विपत्ति के समय भी राहत कार्यों में नौसेना के उल्लेखनीय योगदान का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा, ‘‘आपदा के समय में भी राहत और पुनर्वास कार्य में आपकी भूमिका सराहनीय रही है। आपकी राष्ट्र निष्ठा प्रेरणा का स्रोत है।’’    

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘नौसेना दिवस के मौके पर हमारे बहादुर जवानों को सलाम। उनकी बहुमूल्य सेवा और बलिदान ने हमारे राष्ट्र को मजबूत और सुरक्षित बनाया है।’’

रक्षा मंत्री सिंह ने ट्विटर पर लिखे अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘नौसेना दिवस के मौके पर भारतीय नौसेना के जवानों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई देता हूं। राष्ट्र को भारतीय नौसेना पर अटूट विश्वास और गर्व है। यह भारत की समुद्री शक्ति की प्रतीक है। हम उनके अदम्य साहस और वीरता को सलाम करते हैं।’’

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी नौसेना दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा, ‘‘अपने अदम्य साहस और पराक्रम से देश को सुरक्षित बनाने वाले सभी नौसैनिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। नौसेना पर हमें नाज़ है।’’

उल्लेखनीय है कि चार दिसंबर 1971 में ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के दौरान पीएनएस खैबर सहित चार पाकिस्तानी जहाजों को नष्ट करने की उपलब्धि के उपलक्ष्य में हर चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।

वार्ता/भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment