लोकसभा में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध लगने का मुद्दा उठाया

Last Updated 03 Dec 2019 03:11:04 PM IST

लोकसभा में कांग्रेस के एक सदस्य ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के आवास पर सुरक्षा में कथित सेंध लगने का मुद्दा उठाया और इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से गांधी परिवार की सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो)

शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के एंटो एंटनी ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध लगने का मामला सामने आया है। सरकार ने जब एसपीजी सुरक्षा कवर हटाने की बात की थी तब कहा था कि सीआरपीएफ की पुख्ता सुरक्षा दी गई है लेकिन फिर ऐसी स्थिति कैसे उत्पन्न हुई।  उन्होंने सवाल किया कि सात लोग किस प्रकार से उनके (प्रियंका गांधी के) आवास में प्रवेश कर गए।

एंटनी ने कहा कि जिस परिवार ने दो प्रधानमंत्री खोये, उस परिवार की सुरक्षा में कोताही ठीक नहीं है। गांधी परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कांग्रेस नेता ने सरकार से कहा, ‘‘इस विषय पर राजनीति नहीं करें।’’ 

कांग्रेस सदस्यों ने अपने स्थान पर खड़े होकर एंटनी का समर्थन किया। सूत्रों ने सोमवार को बताया था कि पिछले सप्ताह कुछ लोग बिना अनुमति के एक गाड़ी से प्रियंका के लोधी एस्टेट स्थित आवास में घुस आए थे। ये लोग प्रियंका के साथ सेल्फी खिंचाने को कह रहे थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा में कथित तौर पर सेंध लगने के मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को दावा किया कि एसपीजी सुरक्षा हटाकर मुख्य विपक्षी दल के शीर्ष नेताओं के जीवन को खतरे में डाला गया है। 

पार्टी के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए सरकार को किसी के जीवन को खतरे में नहीं डालना चाहिए। प्रियंका गांधी के आवास पर सुरक्षा में लगी सेंध से यह बात साबित होती है कि एसपीजी सुरक्षा हटाकर नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने हमारे नेताओं के जीवन को खतरे में डाल दिया है।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा में कथित तौर पर सेंध लगने से जुड़ी खबर की पृष्ठभूमि में उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने मंगलवार को दावा किया कि मौजूदा समय में पूरे देश की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।  

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘यह मामला सिर्फ प्रियंका, मेरी बेटी या बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा का नहीं है। यह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस कराने का है। पूरे देश में सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है।’’ 

वाड्रा ने यह भी कहा, ‘‘लड़कियों के साथ छेड़छाड़/ दुष्कर्म हो रहा है, हम किस तरह का समाज बना रहे हैं? हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘ अगर हम अपने देश और घर में सुरक्षित नहीं हैं, सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं तो हम कहां और किस तरह से सुरक्षित रह सकते हैं?’’

सूत्रों का कहना है कि प्रियंका के कार्यालय ने इस मामले को सीआरपीएफ के समक्ष उठाया है। 

इस विषय पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी का कहना है कि उन्हें कांग्रेस नेता प्रियंका की सुरक्षा में कथित सेंध के बारे में जानकारी नहीं है और वह इस बारे में पता करेंगे।  

उल्लेखनीय है कि हाल ही में सरकार ने गांधी परिवार को मिली एसपीजी सुरक्षा हटा ली। अब उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है जिसमें सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा संभालते हैं।

 

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment