हैदराबाद में डॉक्टर से दरिंदगी के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

Last Updated 02 Dec 2019 01:15:13 PM IST

हैदराबाद के निकट एक महिला पशु चिकित्सक से सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या की घटना के खिलाफ अपना विरोध दर्शाने सभी क्षेत्रों से लोग यहां जंतर-मंतर पर एकत्रित हुए।


काला बैंड पहने लोग सड़कों पर उतरे। कुछ लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिनपर लिखा था ‘‘ हमें न्याय चाहिए’’ और ‘‘बलात्कारियों को सूली पर चढाओ’’।    

गौरतलब है कि सरकारी अस्पताल में काम करने वाली पशु चिकित्सक की गुरुवार रात हैदराबाद के बाहरी इलाके में चार लोगों ने बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी थी। बाद में 25 वर्षीय इस महिला का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ था। इस मामले के चार आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया जा चुका है।      

प्रदर्शन का आयोजन करने वाली अमृता धवन ने कहा, ‘‘मैं एक राजनेता के तौर पर नहीं बल्कि समाज के एक ऐसे सदस्य के तौर पर इस प्रदर्शन का आह्वान कर रहीं हूं, जो समाज में हो रही घटनाओं को लेकर चिंतित है। महिलाएं कितनी असुरक्षित हैं इस पर चर्चा करने के लिए हमें दूसरी निर्भया क्यों चाहिए?’’ उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रणाली को त्वरित न्याय सुनिश्चित करना होगा ताकि पीड़ितों के परिवारों को कुछ राहत मिले।      

उन्होंने कहा, ‘‘ निर्भया के बलात्कारी अब भी जेल में है और उन्हें अब तक फांसी नहीं हुई है। वे जेल में अपनी जिंदगी जी रहे हैं, उन्हें खाना मिल रहा है और आराम से सो रहे हैं लेकिन पीड़ितों के परिवारों का क्या, जिनकी जिंदगी हमेशा के लिए तबाह हो गई है।’’    

प्रदर्शन के दौरान ‘‘ हमें न्याय चाहिए’’, ‘‘हमें शर्म आती है कि हत्यारें अब तक जिंदा हैं’’ के नारे गूंजते रहे। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज की छात्रा अदिति पुरोहित नारे लगाते समय रो पड़ीं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां इसलिए हूं क्योंकि एक महिला जो घर से दूर दिल्ली में रहती है उस नाते, यह मुद्दा मुझे और मेरे परिवार को प्रभावित करता है।’’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment