हरियाणा: मोदी बोले, कांग्रेस की पाकिस्तान के साथ क्या केमिस्ट्री है

Last Updated 18 Oct 2019 03:26:19 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पाकिस्तान के साथ ‘केमिस्ट्री’ के चलते ही वह कश्मीर पर ऐसे बयान दे रही है जिनका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

मोदी ने शुक्रवार को यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को भारत की एकता की चिंता नहीं है और न ही बाबा साहेब अंबेडकर के दिए हुए संविधान की। इसलिए जम्मू-कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त किये जाने के बाद से उसके पेट में दर्द हो रहा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘370 को हटाने की सबसे बड़ी विरोधी रही कांग्रेस अब हरियाणा को संभालने के लिए कोशिश कर रही है। पाकिस्तान के साथ कांग्रेस की कौन सी केमिस्ट्री है? ये किसके लिए है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘5 अगस्त से कांग्रेस और उनकी साथ मिलीभगत करने वालों के पेट में ऐसा दर्द उठा है, जिसपर कोई दवा काम नहीं कर पा रही। पेट में दर्द, कांग्रेस की लाइलाज बीमारी बन गया है अब तो देश भी यह जान गया है कि कांग्रेस को ये दर्द होता क्यों है? किसकी हमदर्दी किसके लिए है।’’

इस चुनाव में आपको इसका जवाब ढूंढना ही होगा। कांग्रेस को हरियाणा के उन वीर सपूतों की भावनाओं से बिल्कुल फर्क नहीं पड़ता, जो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की सुरक्षा के लिए वहां डटे हुए हैं। 

कश्मीर पर कांग्रेस नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपने देखा होगा कि कांग्रेस के नेताओं के कश्मीर पर जो बयान आए वो किसके काम आ रहे हैं, उसका लाभ कौन उठा रहा है, कहां-कहां उसका इस्तेमाल किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसी बीमारी हुई है कि स्वच्छ भारत की बात करें तो कांग्रेस के पेट में मरोड़ होने लगती है। सर्जिकल स्ट्राइक की बात करें तो कांग्रेस के पेट का दर्द बढ़ जाता है। कोई बालाकोट का नाम लेता है तो कांग्रेस दर्द के मारे छटपटाने लगती है।   

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस उन्हें चाहे जितना भला बुरा कहे लेकिन सीमाएं इतनी भी न लांघे कि देश का नुकसान हो। कांग्रेस को उन माताओं और उन बेटियों की संवेदना का ख्याल रखना चाहिए जिन्होंने अपने सपूतों को, अपने सुहाग को, अपने पिता को मां भारती के लिए शहीद होते हुए देखा है।

कांग्रेस पर कुशासन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासन में ना तो जवान सुरक्षित था, ना हरियाणा के किसान और न ही खिलाड़ियों का हित। किसान के खेत पर इन्होंने भ्रष्टाचार की फसल उगाई और खेल में इन्होंने घोटालों की उपज काटी।

उन्होंने कहा, ‘‘जिनको मां भारती की चिंता नहीं है, जिन्हें माटी की चिंता नहीं है, उनकी चिंता हरियाणा कर सकता है क्या? इस चुनाव में ऐसे लोगों को चुन-चुन कर बाहर कर दीजिए। उन्हें कहिए कि अब बहुत हो गया।’’

हरियाणा और विशेष रूप से सोनीपत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह ध्यान में आते ही किसान, जवान और पहलवान की याद आती है और ‘त्रिशक्ति’ को मजबूत करने के लिए भाजपा सरकार ने भरपूर कोशिश की है।

अगले पांच साल में इसी त्रिशक्ति के  आधार पर सरकार ने सशक्त हरियाणा और सशक्त भारत बनाने का फैसला किया है।

कांग्रेस पर अभिमानी होने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है, उसकी इच्छा ही सबसे ऊपर होती है।

उन्होंने कहा, ‘‘जनता जर्नादन तो ईश्वर का रूप होती है। लेकिन जो उसे ईश्वर न मानते हुए खुद को ही शहंशाह मानने लग जाते हैं, अहंकार में सातवें आसमान में पहुंच जाते हैं तो उनका वही हाल होता है जो हरियाणा की जनता ने लोकसभा चुनाव में करके दिखाया है। जिन्होंने हरियाणा की शांत, समर्थ और संकल्पशील बिरादरी में बंटवारे का जहर घोलने का प्रयास किया, उनको आपने सबक सिखा दिया।’’

वार्ता
गोहाना/सोनीपत


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment