पीएम मोदी, शाह, नड्डा ने हिन्दी दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी

Last Updated 14 Sep 2019 10:08:22 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हिन्दी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि हिन्दी देश को एकता की डोर में बांधने का काम कर सकती है।


मोदी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हिंदी दिवस पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। भाषा की सरलता, सहजता और शालीनता अभिव्यक्ति को सार्थकता प्रदान करती है। हिंदी ने इन पहलुओं को खूबसूरती से समाहित किया है।’’    

 

अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘आज हिंदी दिवस के अवसर पर मैं देश के सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि हम अपनी- अपनी मातृभाषा के प्रयोग को बढाएं और साथ में हिंदी भाषा का भी प्रयोग कर देश की एक भाषा के पूज्य बापू और लौह पुरूष सरदार पटेल के स्वप्न को साकार करने में योगदान दें।’’    


हिंदी दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न भाषाओं का देश है और हर भाषा का अपना महत्व है परन्तु पूरे देश की एक भाषा होना अत्यंत आवश्यक है जो वि में भारत की पहचान बने।      

शाह ने कहा कि आज देश को एकता की डोर में बाँधने का काम अगर कोई एक भाषा कर सकती है तो वो सर्वाधिक बोले जाने वाली हिंदी भाषा ही है।      

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि हिंदी भारत में सर्वाधिक बोली एवं समझी जाने वाली भाषा है जो हम सभी भारतीयों को एकता के सूत्र में पिरोती है एवं वि में हमारी पहचान भी है।    उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए हम सभी अपने दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग को बढाएं एवं दूसरों को भी प्रेरित करें।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। बनर्जी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘हिंदी दिवस पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हमें सभी भाषाओं और संस्कृतियों का समान रूप से सम्मान करना चाहिए। हम कई भाषाएँ सीख सकते हैं लेकिन हमें अपनी मातृ-भाषा को कभी नहीं भूलना चाहिए।’

 

 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment