चंद्रयान-2 के ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनें देशवासी, फोटो करें ट्वीट, मैं करूंगा रीट्वीट: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे ऐतिहासिक सफर पर गये चंद्रयान-2 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के विशेष क्षणों का आनंद लें और इसके फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करें जिन्हें वे खुद रीट्वीट करेंगे।
![]() प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो) |
प्रधानमंत्री खुद भी इसरो के बेंगलुरू स्थित मुख्यालय में वैज्ञानिकों के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेंगे। उनके साथ देश भर के स्कूलों के करीब 70 छात्र भी होंगे। आठवीं से लेकर 10वीं तक के इन छात्रों का चयन एक क्विज के जरिये किया गया है।
मोदी ने चंद्रयान-2 मिशन को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए सिलसिलेवार ट्वीट किये हैं।
उन्होंने लिखा है, ‘‘जिस क्षण का 130 करोड़ भारतीय बेसब्री से इंतजार कर रहे थे वह आ गया है। अब से कुछ घंटे बाद चंद्रयान-2 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। भारत और दुनिया एक बार हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की असाधारण ताकत और कौशल को देखेगी।’’
उन्होंने आगे लिखा है, ‘‘इसरो के बेंगलुरू केन्द्र पर भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास के इस असाधारण पल का गवाह बनने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। विभन्न राज्यों के युवा भी साथ में होंगे। कुछ युवा भूटान से भी आये हैं। इन युवाओं ने इसरो का स्पेस क्विज जीतकर यह मौका हासिल किया है। इस क्विज में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से उनकी विज्ञान और अंतरिक्ष में रूचि का पता चलता है। यह बड़ा संकेत है।’’
मोदी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि वह चंद्रयान-2 के सफर पर पहले ही दिन यानि 22 जुलाई से नजर रखे हुए हैं। यह मिशन भारतीय प्रतिभा और वैज्ञानिकों की लक्ष्य को हासिल करने की दृढता को साबित करता है। इसकी सफलता से करोड़ों भारतीयों को फायदा मिलेगा।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं आप सभी से अपील करता हूं कि आप चंद्रयान-2 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के विशेष क्षणों का आनंद लें और अपने फोटा सोशल मीडिया पर शेयर करें। मैं इनमें से कुछ को रीट्वीट करूंगा।’’
मोदी चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के ऐतिहासिक क्षण को देखने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के बेंगलुरू स्थित मुख्यालय जायेंगे।
विज्ञान और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना करने वाले प्रधानमंत्री की इस मौके पर मौजूदगी से वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ेगा और युवाओं को नवाचार की दिशा में काम करने की प्रेरणा मिलेगी। चंद्रयान-2 में व्यक्तिगत रुचि दिखाते हुए मोदी ने कहा है कि यह मिशन पूरी तरह स्वदेशी है और इससे हर भारतीय को खुशी और गौरव की अनुभूति होगी।
इसरो ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि चंद्रयान-2 का लैंडर विक्रम शुक्रवार तड़के एक से दो बजे के बीच चंद्रमा पर उतरना शुरू करेगा और उसके तड़के डेढ़ और ढाई बजे के बीच चंद्रमा को छूने की संभावना है।
| Tweet![]() |