नहीं रहे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली

Last Updated 24 Aug 2019 12:39:17 PM IST

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को यहां एम्स में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।


पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली (फाइल फोटो)

एम्स की मीडिया और प्रोटोकॉल प्रमुख आरती विज ने कहा, "बहुत ही दुख के साथ हमें सूचित करना पड़ रहा है कि पूर्व वित्तमंत्री और सांसद अरुण जेटली जी का शनिवार को दोपहर 12.07 बजे निधन हो गया है। वह यहां एम्स में 9 अगस्त से भर्ती थे और उनका इलाज वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में हो रहा था।"

उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।

जेटली के निधन की जानकारी मिलने के बाद गृहमंत्री अमित शाह अपना हैदराबाद दौरा बीच में छोड़ दिल्ली वापस लौट रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जेटली को एक्स्ट्रा कॉरपोरल मेंब्रेन ऑक्सीजेनेशन (ईसीएमओ) पर रखा गया था। इस पर उन्हीं मरीजों को रखा जाता है, जिनका फेफड़ा और दिल काम नहीं कर पाता।

वह कैंसर की बीमारी के इलाज के लिए इस साल 13 जनवरी को न्यूयॉर्क गये थे और फरवरी में लौट आये थे। उनका गुर्दा प्रत्यारोपण भी हुआ था।

पेशे से वकील जेटली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में उनकी कैबिनेट का महत्वपूर्ण हिस्सा थे। उनके पास वित्त और रक्षा मंत्रालय का प्रभार था और सरकार के लिए वह संकटमोचक की भूमिका में रहे।   

खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए जेटली ने इस साल लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था।  

पिछले साल 14 मई को एम्स में उनके गुर्दे का प्रतिरोपण हुआ था। उस समय रेल मंत्री पीयूष गोयल को उनके वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी थी।   

पिछले साल अप्रैल की शुरुआत से ही वह कार्यालय नहीं आ रहे थे।

उनका जन्म 1952 में दिल्ली में हुआ था और 1974 से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी।

वाजपेयी सरकार के दौरान उन्हें 13 अक्टूबर 1999 को सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नियुक्त किया गया। उन्हें विनिवेश राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी नियुक्त किया गया। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वह वित्त मंत्री बने थे।

जेटली साल 1982 में जम्मू-कश्मीर के पूर्व वित्त मंत्री गिरधारी लाल डोगरा की पुत्री संगीता के साथ परिणय सूत्र में बंध गये थे। जेटली के परिवार में पत्नी, बेटा रोहन और बेटी सोनाली है।

 

समयलाइव डेस्क/एजेंसी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment