पूर्व वित्त मंत्री जेटली के निधन पर मोदी समेत अनेक नेताओं ने जताया शोक

Last Updated 24 Aug 2019 02:50:35 PM IST

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।


मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली के निधन से उन्होंने अपना दोस्त और राजनीति का दिग्गज खोया है। उनकी हर मुद्दों की गहरी समझ थी। भाजपा और जेटली में अटूट संबंध था। वह हम सभी को असंख्य दुखद यादों के साथ छोड़कर चले गये। उन्होंने कई बड़ी जिम्मेदारी निभाई। मोदी इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं। उन्होंने जेटली की पत्नी और पुत्र से फोन पर बात की और उन्हें सान्तवना दी। जेटली के परिवार ने प्रधानममंत्री से विदेश या जारी रखने का अनुरोध किया। 



राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवम् भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
कोविंद ने आज ट्वीट करके कहा, ‘‘श्री अरुण जेटली के देहावसान से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने दृढ़ता और गरिमा से अपनी बीमारी का सामना किया। एक प्रखर वकील, अनुभवी सांसद और उत्कृष्ट मंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया।’’

उन्होंने आगे लिखा, ‘अरुण जेटली, कठिन से कठिन कार्य को शांति, धैर्य और गहरी समझदारी के साथ पूरा करने का अछ्वुत सामथ्र्य रखते थे। उनका देहावसान हमारे सार्वजनिक जीवन और बौद्धिक क्षेा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और सहयोगियों के प्रति मेरी गहन शोक संवेदनाएं।’’

 

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उन्हें एक अच्छा मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जताया। नायडू ने कहा, ‘‘उनके निधन से देश को हुई क्षति की भरपाई नहीं की जा सकती और यह मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है।’’

शाह ने कहा कि जेटली के निधन से पार्टी ने संगठन का एक बड़ नेता और परिवार का अभिन्न सदस्य खोया है। सिंह ने कहा कि श्री जेटली पार्टी की सम्पत्ति थे।



भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि जेटली के निधन से राजनीति में जो शून्य पैदा हुआ है, उसे भरना बहुत मुश्किल है।

परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जेटली के निधन से नि:शब्द हूं। पूरे देश को उनकी कमी खलेगी। पूरा देश  शोक में है।       
खाद्य एवं आपूर्ति  मंत्री राम विलास पासवान ने संवेदना जाहिर  करते हुए कहा कि वित्त मंत्री के रूप में उनका जो योगदान रहा है, उसको देश  हमेशा याद रखेगा। वह लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से उनके परिवार के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री हषर्वर्धन ने कहा कि बीमारी की खबर के बाद से पल-पल उनकी चिंता थी। कई बार एम्स  जाकर उनका हालचाल जाना  लेकिन उनका इस तरह जाना अत्यंत दु:खदायी है। दिल्ली  हो या फिर केंद्र की राजनीति, एक बड़े भाई की तरह उन्होंने हमेशा मार्गदर्शन किया। देश ने आज एक आदर्श नेता खो दिया।


महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, ‘‘एक कद्दावर नेता जिन्होंने हमेशा अभावग्रस्त लोगों की मदद की..बेमिसाल वक्ता, कानून विशेषज्ञ अरुण जेटली जी ने पूरी ईमानदारी एवं जोश के साथ देश और संगठन की सेवा की। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देती हूं। उनके प्रियजनों को संवेदनाएं। ओम शांति।’’     
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बयान में जेटली के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘‘जेटली ने एक सार्वजनिक व्यक्तित्व, सांसद और मंत्री के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जायेगा।‘‘       

इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, ‘‘हमें अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना जेटली जी के परिवार के साथ हैं।‘‘ पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने भी जेटली के निधन पर दुख प्रकट किया।      

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘पूर्व एफएम और वरिष्ठ नेता श्री अरुण जेटली जी का असामयिक निधन राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है। जेटली एक कानूनी सितारा और एक अनुभवी राजनेता  थे जिन्हें  अपने शासन कौशल के लिए जाना जाता था देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।’’ उन्होंने दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।



केंद्रीय मंत्री पल्राद पटेल ने जेटली के निधन पर शोक जताते हुए इसे देश और पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि इसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती है। पटेल ने कहा कि श्री जेटली के साथ उन्हें काम करने का मौका मिला, उन जैसी शख्सियत के नेता देश में कम ही हैं।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारामैया ने जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने जेटली के परिवार और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।



पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे निजी क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘‘जेटली मेरे बड़े भाई के समान थे और वह अब मुझे छोड़कर चले गये। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘अरुण जेटली जी के निधन से बेहद दुखी हूं। एक बेहतरीन सांसद एवं बेमिसाल वकील, सभी दल उनका सम्मान करते थे। भारतीय राजनीति में उनका योगदान याद किया जाएगा। उनकी पत्नी, बच्चों, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जेटली के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक विद्वान व्यक्ति थे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली जी के निधन की खबर सुन बेहद दुखी हूं। वह प्रखर वकील, सांसद और एक विद्वान व्यक्ति थे।’’      

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, ‘‘ पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली जी के निधन से बेहद दुखी हूं। एक राजनेता और तारकीय बुद्धिजीवी जिनका हर कोई सम्मान करता था। वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने कई आर्थिक सुधार किए।’’    

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जी का निधन दुखद। उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्श की बदौलत सार्वजनिक जीवन में शिखर को प्राप्त किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’      

तमिलनाडू के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘अरुण जेटली के निधन से ना केवल उनके परिवार को बल्कि उनकी पार्टी और पूरे देश को एक बड़ी क्षति पहुंची है।’’       

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री एवं उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरूण जेटली के निधन पर शनिवार को गहरा दु:ख व्यक्त किया। राजभवन के एक प्रवक्ता के मुताबिक राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि अरूण जेटली एक कुशल अधिवक्ता एवं नेता थे। उन्होंने अनेक भूमिकाओं में देश की सेवा की। विधि एवं संसदीय परम्परा के उत्कृष्ट ज्ञान एवं अपनी विद्वता के कारण उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई।    

योगी ने यहां जारी एक शोक सन्देश में कहा कि अरुण जेटली एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। वह एक उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली के जानकार थे। वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करते थे।           

बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट किया, ‘‘वह बीमार थे और उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गयी थी। वह एक नामी वकील और अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।‘‘         

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘‘अरुण जेटली जी एक कुशल वक्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि। ईर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।‘‘    

मुख्यमंत्री गहलोत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के असामयिक निधन के समाचार से दुखी हूं।’’ गहलोत ने जेटली के परिजनों के प्रति सांत्वना जताई।     इस बीच, पायलट ने जेटली के निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताया है।     उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह सुनकर गहरा दुख हुआ कि जेटली नहीं रहें।’’    

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, ‘‘ यह देश, भारतीय राजनीति, कानूनविदों को एक बड़ी क्षति है।’’   मेहता ने कहा, ‘‘उन्हें एक विचारशील वक्ता, एक भरोसेमंद दोस्त, एक बुद्धिमान राजनेता और एक प्रखर वकील के तौर पर याद किया जाएगा।’’    
 

 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment