राजकीय सम्मान के साथ सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार
भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का लोधी रोड स्थित श्मशान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वरिष्ठ पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत सैकड़ों जानी मानी हस्तियां सुषमा स्वराज को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए श्मशान घाट पहुंचीं।
- 13:42 : भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, सुषमा स्वराज का निधन भाजपा और भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। विदेश मंत्री सहित विभिन्न पदों पर काम करते हुए उन्होंने देश का मान बढ़ाया।
- 13:24 : सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर भाजपा मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रिय नेता के अंतिम दर्शन करने के लिए उमड़े हैं।
- 12:26 : सुषमा स्वराज के निधन पर हरियाणा सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया।
- 12:19 : सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि सुषमा उन्हें हर साल राखी बांधने आती थीं किंतु इस बार वह रक्षाबंधन पर नहीं आ पाएंगी जिसका उन्हें अफसोस है।
- 12:19 : राज्यसभा में बुधवार को सुषमा स्वराज के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी और उनके योगदान का स्मरण किया गया।
- 12:16 : उन्होंने कहा, वह एक उच्च कोटि की नेता थीं जिनका पार्टी लाइन से इतर सभी सम्मान करते थे। वह एक महान सांसद और बहुत की कुशल मंत्री रहीं। उनके निधन से देश ने एक सम्मानित और समर्पित नेता खो दिया है।
- 12:16 : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। उनके लोकसभा नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उनके साथ मेरी सुखद यादें हैं।
- 12:10 : संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक असाधारण महिला और नेता बताया, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया।
- 10:36 : नीतीश कुमार ने कहा, अचानक उनके निधन की खबर मिलने से पूरा देश शोकाकुल है और व्यक्तिगत तौर पर हम काफी मर्माहत हैं।
- 10:36 : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, श्रीमती स्वराज एक प्रखर वक्ता, ओजस्वी और कुशल नेत्री के साथ-साथ विलक्षण प्रतिभा की धनी थीं। देश हित और लोक-कल्याण के क्षेत्र में उनके द्वारा किये गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा।
- 10:34 : संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरूद्दीन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘श्रीमती स्वराज के साथ कभी ना भूलाई जाने वाली यादें हैं। संरा स्थित भारतीय दफ्तर उनके संरा दौरे को हमेशा संजोकर रखेगा। सलाम मैडम!’’
- 10:26 : भावुक दिख रहे मोदी ने स्वराज के परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री शाम को स्वराज के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे।
- 10:26 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
- 10:25 : ममता ने लिखा, भले ही हमारी विचारधाराएं भिन्न थीं, हमने संसद में कई सौहार्दपूर्ण पल साझा किए। एक उत्कृष्ट राजनेता, अच्छी इंसान। उनकी कमी खलेगी।
- 10:24 : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख हुआ, 1990 के दशक से ही मैं उन्हें जानती थी।
- 10:23 : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि देश ने एक महान नेता खो दिया।
- 10:23 : दिल्ली सरकार ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के सम्मान में राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को दो दिवसीय शोक का एलान किया।
![]() |
भाजपा की वरिष्ठ नेता के पार्थिव शरीर को भाजपा कार्यालय से यहां श्मशान घाट लाया गया।
एक शीशे के बक्से में उनके पार्थिव शरीर को रखा गया था और हजारों लोग उनकी अंतिम झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर रवाना करने से पूर्व राष्ट्रीय झंडे में लपेट कर रखा गया था।
उनके पार्थिव शरीर को ले जा रहा वाहन जैसे ही सड़क पर आगे बढ़ा लोग उनके अंतिम क्षणों को कैमरे में कैद करने लगे।
इससे पहले सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिये पार्टी मुख्यालय में रखा गया जहां बड़ी तादाद में कार्यकर्ता और प्रशंसक पहुंचे।
इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं समेत लोगों ने उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने स्वराज के पार्थिव शरीर पर राष्ट्रीय ध्वज डाला और उन्होंने श्रद्धांजलि दी।
सुषमा का मंगलवार को 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर उनके आवास से पार्टी मुख्यालय लाया गया।
सुषमा के निधन से शोकाकुल प्रशंसकों ने 'जब तक सूरज चांद रहेगा, सुषमा तेरा नाम रहेगा' के नारे लगाकर अपने प्रिय नेता को श्रद्धाजंलि दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर सुषमा को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी करने वाली ज्ञानदीप भारती ने कहा कि सुषमा के व्यक्तित्व, खासकर विदेश मंत्री रहते हुए लोगों की मदद करने से वह बहुत प्रभावित रही हैं।
संगम विहार से आए सलीम मंसूरू ने कहा कि वह सुषमा की विनम्रता और स्नेह को हमेशा याद करेंगे।
आर के पुरम के फूल विक्रेताओं के एक समूह ने कहा कि वे हमेशा उनके जन्मदिन पर उन्हें फूल भेंट करते थे और आज आखिरी बार उन्हें फूल देने आए हैं।
| Tweet![]() |