बारिश से बेहाल मुंबई: महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे सभी यात्रियों को बचाया गया

Last Updated 27 Jul 2019 01:16:09 PM IST

मुंबई और निकटवर्ती इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और रेल और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।


भारी बारिश के कारण रेल पटरियों के पानी में डूबने से ‘महालक्ष्मी एक्सप्रेस’ 1050 यात्रियों के साथ ठाणे जिले में बदलापुर के पास फंस गई, जिसके बाद अधिकारियों ने विभिन्न राहत एजेंसियों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।     

महाराष्ट्र सरकार ने रक्षा अधिकारियों से ‘17412 महालक्ष्मी एक्सप्रेस’ में फंसे यात्रियों को हवाई मार्ग से निकालने का इंतजाम करने की अपील की।     

मध्य रेलवे ने कहा कि महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे सभी 1050 यात्रियों को बचा लिया गया है।

‘राष्ट्रीय आपदा मोचन बल’ (एनडीआरएफ) के प्रवक्ता सचिदानन्द गावड़े ने कहा, ‘‘सभी फंसे यात्रियों को हमने निकाल लिया है। उन्हें मौके से 1.5 किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। फंसे यात्रियों के लिए खाद्य पदार्थ, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का प्रबंध किया गया।’’     

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि वहां से निकाले गए यात्रियों में कई गर्भवती महिलाएं हैं।     

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार पिछले 24 घंटे में सुबह आठ बजे तक मुम्बई में 97.3 मिमी बारिश हुई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगर में इस दौरान क्रमश: 163 मिमी और 132 मिमी बारिश हुई।     

इस पर नौसेना ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई और उसके निकटवर्ती इलाकों में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते भारतीय नौसेना के तीन गोताखोर दलों सहित आठ बाढ़ राहत दल बचाव सामग्री, रबर वाली नौकाओं और लाइफ जैकेटों के साथ भेजे गए हैं।’’     

उसने कहा कि एक ‘सीकिंग हेलीकॉप्टर’ मौके पर भेजा गया है, जिसमें गोताखोर रबर की नौकाओं और आवश्यक सामान के साथ मौजूद हैं।     

मूसलाधार बारिश के कारण मुम्बई हवाई अड्डे से 11 उड़ाने रद्द की गई और नौ के मार्ग में परिवर्तन भी किया गया है।     

निकटवर्ती ठाणे जिले में रातभर हुई बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और पटरियों पर पानी भरने के कारण महालक्ष्मी एक्सप्रेस बदलापुर के पास फंस गई।    

एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन शुक्रवार रात मुंबई से कोल्हापुर के लिये रवाना हुई थी लेकिन चमटोली से आगे नहीं बढ़ सकी जहां वह शनिवार अलसुबह से ही फंसी थी।     

इस बीच, रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर (ठाणे) शिवाजी पाटिल ने बताया कि बारिश के कारण किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘उल्हास नदी में पानी बढ़ने के कारण महालक्ष्मी एक्सप्रेस ट्रेन चमटोली में फंस गई। यात्री सुरक्षित हैं।’’     

महाराष्ट्र सरकार के प्रवक्ता बृजेश सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की आठ नौकाएं तैनात की गई थीं।     

अधिकारी ने बताया कि कल्याण के पास कल्याण मुरबाद मार्ग पर वरप, कम्बा, म्हारल सहित कई गांवों में घर डूब गए हैं। जिला प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ का एक दल मौके पर भेजा है।     

उन्होंने कहा, ‘‘बचाव कार्य जारी है और कम से कम 100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।’’     

आईएमडी (मुम्बई) के उप महानिदेश के. एस. होसालिकर ने ट्वीट किया कि मुम्बई उपनगरों में अभी भारी बारिश जारी रहेगी।    

भाषा
मुंबई/ठाणे


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment