बारिश का कहर: मुंबई और पुणे में गिरी दीवारें, 22 लोगों की मौत

Last Updated 02 Jul 2019 09:43:49 AM IST

देश की वाणिज्यिक नगरी मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश कहर बरपा रही है। मंगलवार तड़के बारिश की वजह से दीवार गिरने की घटनाओं में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।




मौसम विभाग के 24 घंटे के भीतर और बारिश होने के अनुमान से लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

पुणे के अंबेगांव स्थित एक कॉलेज की दीवार गिरने से छह लोगों की दबकर मौत हो गई और कई घायल हो गए हैं।    

 

मुंबई के पूर्वी मलाड में एक दीवार के झोंपड़ियों पर गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस से मलाड की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। फणनवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। 

कल्याण में भी तीन लोगों की मौत की खबर है।

मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई में सिर्फ आपात सेवाएं ही चालू रहेंगी: राज्य सरकार

महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि मूसलाधार बारिश होने और उससे रेल और सड़क परिवहन प्रभावित होने के कारण मुंबई में सिर्फ आपात सेवाएं ही चालू रहेंगी।    

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मूसलाधार बारिश के पूर्वानुमान के बाद स्थानीय निकाय ने लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।     

राज्य सरकार के अधिकारिक प्रवक्ता बृजेश सिंह ने कहा, ‘‘भारी बारिश के कारण सड़कों और रेल की पटरियों पर पानी भर गया है। एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर आपात सेवाओं को चालू रखने का फैसला लिया गया है। हमने लोगों से अपील की है कि ऐसे हालात में वे घरों से बाहर ना निकलें।’’     

सोमवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में करीब 100 मिलीमीटर बारिश हुई है।

वार्ता/भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment