समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खां पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे वापस होंगे : अखिलेश यादव

Last Updated 23 Sep 2025 01:34:26 PM IST

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 महीने बाद जेल से रिहा हो गए हैं। इस मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।


समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सपा के संस्थापक सदस्य आजम खां की रिहाई पर खुशी जहिर करते हुए कहा कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर खां के खिलाफ दर्ज सभी झूठे मुकदमे वापस लिये जाएंगे।

यादव ने आजम की सीतापुर जेल से करीब 23 महीने बाद रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''जिस तरह से मुख्यमंत्री जी (योगी आदित्यनाथ) ने अपने मुकदमे वापस लिए हैं... न केवल अपने बल्कि उप मुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य) और तमाम भाजपा नेताओं के मुकदमे वापस लिए हैं। सपा की सरकार बनने पर जितने भी झूठे मुकदमे लगे हैं आजम खां साहब पर, वह सब वापस लेने का काम करेंगे।''

उन्होंने कहा, ''सपा के नेता आजम खां साहब की रिहाई हो चुकी है। इसके लिए मैं अदालत को धन्यवाद देना चाहता हूं और यही हम समाजवादियों को भरोसा था कि अदालत न्याय करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में एक भी झूठा मुकदमा नहीं लगाया जाएगा या भाजपा सरकार और रामपुर का विधायक (आकाश सक्सेना) और भाजपा के लोग औ एक ऐसा अधिकारी जिसको एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन लगातार मिला है वह अन्याय नहीं करेंगे।''

यादव ने कहा, ''हमारे समाजवादियों के लिए खुशी का समय है कि जहां पर वह आज रिहा होकर जेल से रिहा हुए हैं।''

आजम के बसपा में शामिल होने की अटकलें के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने कोई साफ जवाब नहीं दिया। हालांकि कहा, ''आदरणीय आजम खां साहब समाजवादी पार्टी और उसके संस्थापक नेता जी और हम लोगों के साथ हैं। भाजपा का मुकाबला करने में आज से नहीं, न जाने कब से सबसे बड़ी भूमिका उनकी (आजम) और समाजवादियों की रही है।''

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आज़म खां मंगलवार को सीतापुर जिला कारागार से करीब दो साल बाद रिहा हो गए। रिहाई के बाद आजम खान रामपुर के लिए रवाना हो गए, जहां पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनका भव्य स्वागत करेंगे। 
 

आजम खान सपा के साथ रहे हैं और हमेशा रहेंगे: शिवपाल सिंह यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी के संस्थापक सदस्य आज़म खां के जेल से रिहा होने के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच मंगलवार को उनके ऐसे किसी भी कदम से इंकार करते हुए इसे अफवाह करार दिया।

सीतापुर जेल से करीब 23 महीने बाद ज़मानत पर रिहा होने के तुरंत बाद झांसी से ‘एजेंसी’ से बात करते हुए वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि “आज़म खां साहब के किसी भी पार्टी में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं है। वह समाजवादी पार्टी के साथ रहे हैं और हमेशा रहेंगे।"

यादव ने कहा कि “सपा और उसका नेतृत्व हमेशा खां साहब के साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। जहां तक उनके किसी पार्टी में शामिल होने की बात है, ये महज़ अफ़वाह है।"

उन्होंने यह भी कहा कि खां को फ़र्ज़ी मामलों में फंसाया गया। उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि इसके पीछे कौन था।" उन्होंने कहा कि वह जल्द ही आजम मुलाकात करेंगे। यादव ने कहा, "अदालत ने उन्हें ज़मानत दे दी है। हम अदालतों का शुक्रिया अदा करते हैं। उनके ख़िलाफ़ सैकड़ों फ़र्ज़ी मामले दर्ज किए गए थे।" 
 

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment