आतंक के खिलाफ भारत-श्रीलंका एक साथ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के साथ रविवार को दस दिनों के अंदर दूसरी बार मुलाकात की। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि आतंकवाद ‘संयुक्त खतरा’ है जिस पर संयुक्त कार्रवाई की जरूरत है।
![]() श्रीलंका में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करते हुए। |
श्रीलंका में अप्रैल में ईस्टर पर हुए आतंकी हमले के बाद मोदी देश के दौरे पर आए पहले विदेशी नेता हैं। उनका दौरा हमले के बाद श्रीलंका के साथ भारत की एकजुटता को दर्शाता है। राष्ट्रपति सिरिसेना के साथ वार्ता के बाद मोदी ने ट्वीट किया, राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के साथ मुलाकात हुई जो दस दिनों के अंदर दूसरी मुलाकात है। राष्ट्रपति सिरिसेना और मैं इस बात पर सहमत थे कि आतंकवाद संयुक्त खतरा है जिस पर संयुक्त कार्रवाई की जरूरत है। श्रीलंका के साझा, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, दोनों नेताओं ने परस्पर हित के द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रपति सिरिसेना ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में भोज का आयोजन किया।
मोदी को बुद्ध की प्रतिमा भेंट की : मोदी को अपने ‘विशेष मित्र’ सिरिसेना से बुद्ध की समाधि वाली कलाकृति बतौर विशेष उपहार मिली। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, खास मित्र से मिला विशेष उपहार। राष्ट्रपति मैत्रीपाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बुद्ध की समाधि वाली कलाकृति उपहार में दी। इसे अनुराधापुर युग की बेहतरीन कलाकृति माना जाता है। मूल कलाकति चौथी और सातवीं ईस्वी के बीच बनी थी। इसमें कहा गया है, बुद्ध की समाधि वाली कलाकृति हाथ से बनाई गई है। इसे बनाने में लगभग दो वर्ष लगे। कलाकृति में बुद्ध जिस मुद्रा में बैठे हैं उस मुद्रा को ध्यान मुद्रा के नाम से जाना जाता है।
ईस्टर हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी : इससे पहले राष्ट्रपति सचिवालय जाने के रास्ते में मोदी का काफिला कोलंबो में कैथोलिक चर्च पहुंचा। मोदी ने चर्च पर हुए घातक हमले के शिकार लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, मुझे विश्वास है कि श्रीलंका फिर उठ खड़ा होगा। कायराना आतंकी कृत्य श्रीलंका के हौसले को परास्त नहीं कर सकते। श्रीलंका के लोगों के साथ भारत एकजुटता से खड़ा है। मैं मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। श्रीलंका में ईस्टर के दिन नौ आत्मघाती बम हमलावरों ने कई चर्चो और तीन आलीशान होटलों को निशाना बनाया था।
अशोक का पौधा लगाया : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के आवास राष्ट्रपति भवन परिसर में सदाबहार अशोक का पौधा लगाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया है, गहरी जड़ें। मजबूत संबंध। पौधे के पास एक पट्टिका भी रखी गई है, जिस पर लिखा है ‘अशोक सरका अशोक’ पौधा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलंबो में 9 जून 2019 को रोपा।
5 वर्षों में भारत की छवि काफी बदली है
मोदी ने लंका में भारतीय समुदाय को भी संबोधित किया और कहा कि पिछले पांच वर्षों में भारत की छवि काफी बदली है। भारत की अच्छी छवि बनाने के लिए उन्होंने प्रवासी भारतीयों को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं चाहे वह सुरक्षा में सहयोग का हो या व्यापार या सांस्कृतिक संबंधों में हों। मोदी इससे पहले मार्च 2015 और मई 2017 में श्रीलंका का दौरा कर चुके हैं।
| Tweet![]() |