तृणमूल-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में 8 की मौत, क्षेत्र में तनाव

Last Updated 10 Jun 2019 01:30:41 AM IST

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्तर 24 परगना में हुई झड़प में कम से कम आठ लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।


कोलकाता : राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता।

दोनों दलों के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
क्षेत्र में रविवार को भी तनाव बरकरार है।  रविवार सुबह से पुलिस कथित तौर पर लापता बताए गए लोगों की तलाश कर रही है। दोनों ही पार्टियां दावा कर रही हैं कि उनके कार्यकर्ता लापता हैं। भाजपा नेता मुकुल रॉय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अपनी बैठकों और भाषणों के जरिए बंगाल में राजनीतिक शत्रुता बढ़ाने का आरोप लगाया। राज्य भाजपा के सूत्रों ने दावा किया कि तृणमूल समर्थित लोगों द्वारा उनके पांच कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और 18 अन्य लापता हो गए हैं, वहीं तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के तीन कार्यकर्ता संदेशखली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके हत्गाछी में हुए खूनी संघर्ष में मारे गए हैं।

संदेशखली संघर्ष में मारे गए लोगों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं हैं। भाजपा नेता मुकुल रॉय ने शनिवार देर रात ट्वीट कर कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा के लिए ममता बनर्जी सीधे जिम्मेदार हैं। संदेशखली में हुई हत्याओं के बारे में जानकारी देने के लिए हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास जाएंगे। पुलिस ने इस घटना में अब तक भाजपा के दो और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत होने की पुष्टि की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार दोपहर भाजपा के झंडे को हटाने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प शुरू हो गई। इसने जल्द  ही एक हिंसक रूप ले लिया और गोलियां चलाई जाने लगीं। मुकुल रॉय ने शनिवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। राज्य भाजपा के महासचिव सायंतन बसु ने झड़प में शनिवार को पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं प्रदीप मंडल, तपन मंडल और सुकांता मंडल की मौत होने और पांच अन्य कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी दी है।

तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि हत्गाछी में उसके कार्यकर्ता कयूम मुल्ला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य को पानी में फेंक दिया गया। तृणमूल के जिला अध्यक्ष ज्योतिप्रिया मलिक ने कहा, हत्गाछी में हमारी बूथ स्तरीय बैठक पर भाजपा समर्थित तत्वों ने हमला कर दिया। वे लोग 26 वर्षीय मुल्ला को खींचकर ले गए और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। दो अन्य कार्यकर्ताओं को नदी में डुबो दिया। छह महिलाओं समेत तृणमूल के 18 कार्यकर्ता हमले में घायल भी हुए हैं।

एजेंसियां
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment