राष्ट्र ने पुण्यतिथि पर नेहरू को किया याद

Last Updated 27 May 2019 08:22:17 PM IST

पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी 55 वीं पुण्य तिथि पर आज देश भर में याद किया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।


पंडित जवाहर लाल नेहरू की 55 वीं पुण्य तिथि

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
    
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की नेता सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने पंडित नेहरू की समाधि शांति वन जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस दौरान वहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
       
श्री नायडू ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्वीट किया ‘‘पंडित जवाहरलाल नेहरु को आज उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।’’
       
श्री मोदी ने कहा,‘‘पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। हम देश के लिए उनके योगदान का स्मरण करते हैं।’’
     
गृह मंत्री ने कहा ‘‘भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुण्यतिथि के अवसर पर हमारे समाज और राष्ट्र में उनके योगदान को याद कर रहा हूं। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।’’
        
श्री गांधी ने ट्वीट किया ‘‘भारत जैसे कई लोकतांत्रिक युवा राष्ट्र जल्द ही तानाशाही में बदल गये। आइए पंडित नेहरू को सशक्त, स्वतंत्रता और आधुनिक संस्थानों के निर्माण में उनके योगदान के लिए याद करें, जिनके कारण देश का लोकतंत्र 70 साल से चल रहा है।’’


      
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 14 नवंबर 1889 को जन्मे पंडित नेहरु का 27 मई 1964 को निधन हो गया था।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment