अंतिम सफर पर मनोहर पर्रिकर, मोदी ने गोवा पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

Last Updated 18 Mar 2019 09:30:39 AM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और केन्द्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने सोमवार को गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को श्रद्धासुमन अर्पित किये।


मोदी अपराह्न पणजी पहुंचे और उन्होंने यहां कला अकादमी में पर्रिकर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रधानमंत्री पर्रिकर के परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी।

राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने भी पूर्व रक्षा मंत्री पर्रिकर को श्रद्धांजलि दी।

मनोहर पर्रिकर के अंतिम दर्शन करने उमड़ा जन सैलाब

मनोहर पर्रिकर के अंतिम दर्शन करने के लिए राजधानी पणजी की सड़कों पर सोमवार को हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े।

पर्रिकर का पार्थिव शरीर यहां भाजपा कार्यालय में लाया गया ताकि पार्टी कार्यकर्ता उन्हें अंतिम विदाई दे सकें।         

पर्रिकर का अग्नाशय की बीमारी के कारण रविवार शाम को निधन हो गया था।         

इसके बाद उनका पार्थिव शरीर भाजपा कार्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर कला अकादमी ले जाया जाया गया जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर रहे हैं।         

तिरंगे में लिपटा पर्रिकर का पार्थिव शरीर जब भाजपा कार्यालय में लाया गया तो वहां मातम छा गया और उनके सैकड़ों समर्थकों की आंखें नम हो गईं।         

मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर लेकर आ रहे ट्रक ने पणजी के डोना पौला में उनके निजी आवास से पांच किलोमीटर की दूरी तय की। इस छोटे से तटीय राज्य से देश के रक्षा मंत्री बने पर्रिकर के पार्थिव शरीर के दर्शन करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।          

राज्य के चार बार मुख्यमंत्री रहे पर्रिकर का रविवार शाम को निधन हो गया था। आईआईटी से ग्रैजुएट पर्रिकर ने दो दशक से अधिक समय तक राज्य में पणजी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया।         

पर्रिकर की अंतिम यात्रा शाम चार बजे के बाद शुरू होगी।         

प्रदेश भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि पर्रिकर का अंतिम संस्कार यहां मिरामार बीच पर सोमवार को शाम पांच बजे किया जाएगा। मिरामार बीच पर गोवा के पहले मुख्यमंत्री दयानंद बंडोदकर का भी स्मारक है।         

गृह मंत्रालय के अनुसार पर्रिकर का पूर्ण सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। केंद्र सरकार ने सोमवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।    

पर्रिकर का रविवार शाम निधन हो गया था। पिछले साल फरवरी में उनके अग्नाश्य कैंसर का पता चला था जिसके बाद से उनका अमेरिका, दिल्ली, मुंबई और गोवा में इलाज चला था लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। पिछले दिनों उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गयी थी। 2001 में उनकी पत्नी मेधा का भी कैंसर से देहांत हो गया था।

साफ-सुथरी राजनीति और मृदुल व्यवहार के लिए प्रसिद्ध पर्रिकर के निधन की खबर आते ही देश में शोक की लहर दौड़ गयी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वित्त मंत्री अरुण जेटली, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण अडवाणी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं मंत्रिमंडल के सदस्यों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पर्रिकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त  किया है। 

मोदी, राजनाथ, शाह के पर्रिकर की अंत्येष्टि में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मनोहर पार्रिकर की अंत्येष्टि में शामिल होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय नेताओं में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के अलावा अन्य नेता भी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होंगे।

भाषा/वार्ता
पणजी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment