प्रियंका की लोकप्रियता को पूरे देश में भुनाएगी कांग्रेस
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पूरे देश में कांग्रेस की प्रमुख स्टार प्रचारकों में से होंगी। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष प्रदेश अध्यक्षों और चुनाव प्रबंधकों ने इस डिमांड को रखा था।
![]() नई दिल्ली : मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पहुंचीं। फोटो : प्रेट्र |
बताया जा रहा है कि युवा नेताओं ने ही नहीं, मोतीलाल वोरा, अहमद पटेल, शीला दीक्षित, जयराम रमेश सरीखे कई पुराने नेताओं ने प्रियंका से देशव्यापी प्रचार कराने का आग्रह किया था। चुनाव तैयारियों पर काम कर रहे नेताओं की मानें तो प्रियंका उन सीटों पर भी जाएंगी, जहां कांग्रेस अपेक्षाकृत कुछ कमजोर आंकी जाती है।
प्रियंका का महत्व बढ़ाते हुए उन्हें अमेरिका से लौटते ही कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के कक्ष के बगल वाला कक्ष भी दे दिया गया। इस कक्ष पर मंगलवार को उनके नाम की प्लेट भी लगाई गई। उनके साथ यूपी की जिम्मेदारी देख रहे महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया का मान रखते हुए उन्हें भी मुख्यालय में वह कक्ष दिया गया है, जिसमें अब तक संगठन मामलों के महासचिव बैठा करते थे। इस मामले में एक दिलचस्प वाकया भी घटा। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल इस कक्ष में बैठने के लिए आए, तो प्रशासनिक मामले देखने वाले महासचिव मोतीलाल वोरा ने उन्हें सूचित किया कि यह कक्ष राहुल के यहां से सिंधिया को आवंटित किया गया है।
प्रियंका को वैसे तो पूर्वी यूपी का प्रभार दिया गया है, लेकिन राहुल गांधी ने अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि महासचिव होने का मतलब ही है कि वह पूरे देश के लिए उपलब्ध होंगी। बताया जा रहा है कि विदेश से लौटने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका और पश्चिमी यूपी के प्रभारी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बैठक की है। इस बैठक में राहुल ने प्रियंका और सिंधिया दोनों को फ्रीहैंड काम करने की छूट भी प्रदान की। बैठक में चर्चा हुई है कि यूपी के चुनाव में प्रदर्शन सुधारने के लिए संगठन और संसाधन के स्तर पर क्या-क्या किया जाना है।
| Tweet![]() |