इंडोनेशिया में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले दिखा सफेद धुआं
इंडोनेशिया में लापता हुए हेलीकॉप्टर को पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले सफेद धुआं छोड़ते और कम ऊंचाई पर उड़ते देखा गया था। बुधवार को एक खबर में यह दावा किया गया।
![]() इंडोनेशिया में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले दिखा सफेद धुआं |
हेलीकॉप्टर में एक भारतीय नागरिक समेत आठ लोग सवार थे।
इंडोनेशियाई समाचार एजेंसी ‘अंतरा’ की रिपोर्ट के अनुसार, खोज एवं बचाव (एसएआर) दल ने कहा कि एस्टिंडो एयर बीके 117 डी3 हेलीकॉप्टर को दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले सफेद धुआं छोड़ते और कम ऊंचाई पर उड़ते देखा गया था।
पायलट समेत आठ लोगों को ले जा रहे हेलीकॉप्टर का सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 8.54 बजे दक्षिण कालीमंतन के तनाह बुम्बू जिले के मेंटेवे में मंदिन दमार झरने के पास उड़ान भरते समय संपर्क टूट गया।
यात्रियों में भारतीय नागरिक संथा कुमार भी शामिल थे। विमान में सवार अन्य लोगों की पहचान कैप्टन हर्यंतो (पायलट), तकनीशियन इंग हेंद्रा और यात्रियों मार्क वेरेन, युडी फेब्रियन, एंडीज रिसा पासुलु, क्लॉडाइन क्विटो और इबॉय इरफान रोजा के रूप में हुई है।
बंजरमासिन खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख आई पुतु सुदयाना ने मंगलवार को कहा, ‘‘एक शिक्षक और कई छात्रों ने हेलीकॉप्टर को धुआं छोड़ते हुए नीचे उड़ते देखा। उड़ान रडार डेटा के अनुसार, यह अंतिम संपर्क बिंदु से आगे था।’’
उन्होंने कहा कि संयुक्त खोज एवं बचाव दल (एसएआर) हवाई और जमीनी, दोनों तरह के अभियान संचालित करके नए स्थान का पता लगाएगा।
सुदयाना ने कहा, ‘‘टीम जंगल के रास्ते पहाड़ के दूसरी ओर पहुंचने का रास्ता खोजने की कोशिश करेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही कोई रास्ता ढूंढ़ लेंगे, और हम सभी ईश्वर से प्रार्थना भी करते हैं कि हेलीकॉप्टर का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।’’
दक्षिण कालीमंतन के गवर्नर मुहिदीन ने कहा कि शुरुआत में संदिग्ध दुर्घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन भारी बारिश के कारण इसे रद्द कर दिया गया।
मुहिदीन ने कहा, ‘‘यह इलाका घने बादलों से ढका हुआ है, जिससे हेलीकॉप्टरों का नीचे उतरना मुश्किल हो रहा है। यह एक विशाल जंगल भी है, जिससे पहुंचना बहुत चुनौतीपूर्ण हो जाता है।’’
हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह 8.46 बजे कोटाबारू जिले के स्यामसिर आलम हवाई अड्डे से रवाना हुआ और उसे सुबह 10.15 बजे मध्य कालीमंतन के पलंगका राया में उतरना था।
इसका अंतिम संपर्क सुबह 8.54 बजे हुआ था, उसके बाद संपर्क टूट गया। विमान के आधिकारिक तौर पर दोपहर 12.02 बजे लापता होने की सूचना दी गई।
इससे पहले, सुदयाना ने कहा था कि लापता हेलीकॉप्टर की तलाश में दो हेलीकॉप्टरों की मदद से हवाई खोज अभियान चलाया जा रहा है।
हवाई खोज के अलावा, विभिन्न एजेंसियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के 140 कर्मियों की एक जमीनी टीम तैनात की गई।
| Tweet![]() |