वियतनाम ने आजादी के 80 वर्ष पूरे होने पर भव्य सैन्य परेड का किया आयोजन
वियतनाम ने मंगलवार को अपने राष्ट्रीय दिवस पर दशकों की सबसे बड़ी सैन्य परेड आयोजित की जिसमें हजारों लोग राजधानी हनोई की सड़कों पर उमड़ पड़े।
![]() वियतनाम ने आजादी के 80 वर्ष पूरे होने पर भव्य सैन्य परेड का किया आयोजन |
कई लोग इस भव्य परेड को देखने के लिए रातभर हनोई की सड़कों पर डेरा डाले रहे। यह परेड देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने पर आयोजित की गई।
परेड बा दिन्ह स्क्वायर में आयोजित की गयी जहां क्रांतिकारी नेता हो ची मिन्ह ने दो सितंबर 1945 को फ्रांसीसी औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता की घोषणा की थी।
इसके तुरंत बाद संघर्ष फिर शुरू हो गया जब वियतनामी बलों ने पहले इंडोचाइना युद्ध में फ्रांस के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी जो 1954 में देश के दो हिस्सों- साम्यवादी उत्तर और अमेरिका समर्थित दक्षिण में विभाजित होने के साथ समाप्त हुई थी।
इसके बाद वियतनाम युद्ध हुआ, जिसमें साम्यवादी उत्तर ने दक्षिण और उसके अमेरिकी सहयोगियों से संघर्ष किया। यह युद्ध 30 अप्रैल 1975 को साम्यवादी बलों द्वारा सैगॉन पर कब्ज़ा करने और देश को एकीकृत करने के साथ समाप्त हुआ।
वियतनाम के शीर्ष नेता एवं कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव तो लाम ने स्वतंत्रता की लड़ाई में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी और सत्तारूढ़ पार्टी के इस लक्ष्य को दोहराया कि 2045 तक वियतनाम एक ‘‘शक्तिशाली, समृद्ध और सुखी राष्ट्र” बनेगा।
परेड में सैन्य टुकड़ियों ने मार्च किया और बख्तरबंद वाहनों व मिसाइल प्रणालियों का प्रदर्शन किया गया। हेलिकॉप्टरों ने आकाश में विशाल वियतनामी झंडे लहराए।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 16,000 सैनिकों ने इस परेड में हिस्सा लिया।
पहली बार, दक्षिणी वियतनाम के बंदरगाह शहर कैम रन्ह के तट से नौसैन्य परेड का भी आयोजन किया गया, जिसमें युद्धपोत, पनडुब्बियां, हेलीकॉप्टर और समुद्री विमान शामिल थे। इसका टेलीविज़न पर प्रसारण किया गया।
चीन, रूस, लाओस और कंबोडिया के सैन्य दस्तों ने भी इस परेड में हिस्सा लिया। वियतनाम की सरकारी मीडिया ने कहा कि यह देश की ‘‘अंतरराष्ट्रीय मित्रता’’ को दर्शाता है।
| Tweet![]() |