हूती ने किया लाल सागर में एक और जहाज पर हमला

Last Updated 08 Jul 2025 09:30:47 AM IST

यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा एक जहाज को डुबोने का दावा किये जाने के बाद सोमवार को लाल सागर से गुजर रहे एक जहाज को निशाना बनाकर एक नया हमला किया गया।


हूती ने किया लाल सागर में एक और जहाज पर हमला

निजी सुरक्षा कंपनी ‘एम्ब्रे’ ने कहा कि लाइबेरियाई ध्वज वाले बल्क कैरियर पर सवार दो सुरक्षा गार्ड नवीनतम हमले में घायल हो गए, जबकि हमले के बाद दो अन्य लापता हैं।

इस जहाज पर हमला हूती विद्रोहियों द्वारा एक अन्य जहाज, लाइबेरियाई ध्वज वाले यूनान स्वामित्व वाले बल्क कैरियर मैजिक सीज़ पर हमला करने के बाद किया गया है। हूती विद्रोहियों ने सोमवार को पहले कहा था कि रविवार को लाइबेरियाई झंडे वाले यूनान के स्वामित्व वाले मैजिक सीज पर उसके हमले की वजह से उक्त जहाज डूब गया।

दोनों हमलों और सोमवार को विद्रोहियों को निशाना बनाकर किए गए इजराइली हवाई हमले की वजह से जहाजों को हूती विद्रोहियों द्वारा निशाना बनाने का अभियान फिर से शुरू होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। इससे अमेरिकी और पश्चिमी देशों की सेनाएं फिर से क्षेत्र में आ सकती हैं। खासकर तब जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने एक बड़े हवाई हमले में विद्रोहियों को निशाना बनाया है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इजराइल-हमास युद्ध, ईरान-इजराइल युद्ध और ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हवाई हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है।

निजी सुरक्षा कंपनी ‘एम्ब्रे’ ने सोमवार रात लाल सागर में हुए ताजा हमले की सूचना दी, जिसमें घायल और लापता सुरक्षा गार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसने कहा कि जहाज स्वेज नहर की ओर उत्तर की ओर बढ़ रहा था, तभी उस पर छोटी नावों में सवार लोगों और बम ले जाने वाले ड्रोन द्वारा हमला किया गया।

उसने कहा कि जहाज पर सवार सुरक्षा गार्ड ने हमले के बाद जवाबी गोलीबारी की थी। कंपनी ने कहा, "जहाज के इंजन ने कथित तौर पर काम करना बंद कर दिया है और एम्ब्रे ने देखा कि जहाज बिना नियंत्रण के बहने लगा था।’’

हमले के बारे में तत्काल कोई अन्य विवरण नहीं मिला। ब्रिटिश सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस या यूकेएमटीओ, केंद्र ने हमला होने की पुष्टि की। हूती के अल-मसीरा सैटेलाइट न्यूज चैनल ने हमले का उल्लेख किया, लेकिन विद्रोहियों ने हमले का दावा नहीं किया। 

अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान ने कहा कि उसे हमला होने की जानकारी है, लेकिन उसने आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

एपी
दुबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment