Niger के सैन्य शासक ने अन्य देशों को हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी
नाइजर के नए सैन्य शासक जनरल अब्दुर्रहमान त्चियानी ने पड़ोसी देशों को उनके देश में हस्तक्षेप नहीं करने की चेतावनी दी और देशवासियों से राष्ट्र की रक्षा के लिए तैयार रहने की अपील की।
![]() नाइजर के सैन्य शासक ने अन्य देशों को हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी |
नाइजर में लोकतांत्रिक रूप से चुने गए राष्ट्रपति को करीब एक सप्ताह पहले अपदस्थ कर सत्ता संभालने वाले त्चियानी ने बुधवार रात को टेलीविजन पर प्रसारित राष्ट्र के नाम संबोधन में अन्य देशों को हस्तक्षेप नहीं करने और तख्तापलट के खिलाफ सैन्य हस्तक्षेप नहीं करने की चेतावनी दी।
त्चियानी ने कहा, ‘‘इसलिए हम आह्वान करते हैं कि नाइजर के लोग एकजुट होकर उन सभी को हराएं, जो कड़ी मेहनत करने वाले हमारे देश के लोगों को अकथनीय पीड़ा पहुंचाना चाहते हैं और हमारे देश को अस्थिर करना चाहते हैं।’’
उन्होंने नाइजर के लोकतांत्रिक रूप से चुने गए राष्ट्रपति मोहम्मद बजौर को अपदस्थ करने के बाद चुनाव कराकर सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण की परिस्थतियां पैदा करने का वादा भी किया।
त्चियानी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब नाइजर में तख्तापलट के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है।
पश्चिम अफ्रीकी देशों ने नाइजर में तख्तापलट करने वाले नेताओं को देश में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति को पद पर बहाल करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी है और मांग पूरी नहीं होने पर बल प्रयोग की धमकी दी है। पश्चिमी देशों ने भी इस तख्तापलट की निंदा की है।
क्या होता है तख्ता पलट?
अक्सर यह सुनने आता है कि फलां देश में तख्ता पलट हो गया। आखिरकार आपके मन में यह सवाल उठता होगा कि तख्तापलट होता क्या है? तो बता दें आपको कि यह एक ऐसी स्थिति होती है जब सशस्त्र बल यानी मिलिट्री, पैरामिलिट्री या फिर विपक्षी पार्टी किसी देश में चुनाव कराए बिना बलपूर्वक या बंदूक के दम पर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को सत्ता से बेदखल कर देती है और खुद काबिज हो जाती है।
इसे अंग्रेजी में कूप (Coup) कहते हैं। जब किसी देश की सेना तख्तापलट करती है तो इसे मिलिट्री कूप या सैन्य तख्तापलट कहते हैं। जनविद्रोह या गृहयुद्ध के हालात भी तख्तापलट के प्रमुख कारण बनते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया दुनिया में सबसे अधिक तख्तापलट देखने वाला देश है। यहां वर्ष 1950 से लेकर 2019 तक 23 बार तख्तापलट या उसकी कोशिशें हुई हैं।
| Tweet![]() |