मां के निधन के बाद ब्रिटेन के नए महाराज ने बताया अपना ‘सबसे बड़ा दुख’

Last Updated 09 Sep 2022 08:59:43 AM IST

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सबसे बड़े बेटे और ब्रिटेन के नए महाराज चार्ल्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी मां का निधन उनके और उनके परिवार के सभी सदस्यों के लिए ‘सबसे बड़े दुख’ का क्षण है।


महारानी एलिजाबेथ II और प्रिंस चार्ल्स (फाइल फोटो)

ब्रिटिश हुकूमत पर सबसे लंबे समय तक राज करने वाली एलिजाबेथ द्वितीय का बृहस्पतिवार को स्कॉटलैंड स्थित बाल्मोरल कैसल में 96 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से ब्रिटिश इतिहास में किसी शाही हस्ती के सबसे लंबे शासनकाल का अंत हो गया।

तिहत्तर वर्षीय चार्ल्स ने कहा, “‍मेरी प्यारी मां, महामहिम महारानी का निधन, मेरे और मेरे परिवार के सभी सदस्यों के लिए सबसे बड़े दुख का क्षण है।”

चार्ल्स ब्रिटिश सिंहासन पर काबिज होने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं।

उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, “हम एक महान साम्रज्ञी और एक बहुत प्यारी मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। मुझे पता है कि पूरे देश, लोक, राष्ट्रमंडल और दुनियाभर के अनगिनत लोगों द्वारा गहराई से उनकी कमी महसूस की जाएगी।”

चार्ल्स ने कहा कि शोक और बदलाव की इस अवधि में महारानी को मिले व्यापक सम्मान और गहरे स्नेह से उन्हें और उनके परिवार को सांत्वना और बल मिलेगा।

भाषा
लंदन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment