पाकिस्तान में बाढ़ से आफत, बाढ़ के कारण 10 अरब डॉलर का नुकसान

Last Updated 29 Aug 2022 01:10:19 PM IST

पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल के अनुसार, मुल्क में आई विनाशकारी बाढ़ ने देश की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में कम से कम 10 अरब डॉलर का नुकसान पहुंचाया है।


पाकिस्तान बाढ़ (फाइल फोटो)

स्थानीय मीडिया के अनुसार, मिफ्ताह ने कहा कि ये शुरूआती आकलन थे जो जमीनी स्तर पर सर्वे करने के बाद बढ़ सकते हैं। हालांकि, मंत्री के पास इस समय अर्थव्यवस्था के प्रत्येक क्षेत्र में होने वाले नुकसान का पूरा विवरण नहीं है।

शीर्ष आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस्लामाबाद पहले अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वित्तीय सहायता मांगेगा और फिर वह अलग-अलग या संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर सकता है ताकि सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें, लेकिन सबसे पहले सरकार पीड़ितों को बचाने के लिए सभी तरह के राहत प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करेगी।

स्थानीय मीडिया ने बताया, 2005 के भूकंप और 2010 की बाढ़ में, पाकिस्तान ने अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों को हुए नुकसान का आकलन किया और फिर डोनर्स की मदद से राहत और पुनर्वास का कार्य शुरू किया। अब भी वही रणनीति अपनाई जाएगी।

प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि पंजाब, सिंध, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के प्रमुख बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनगिनत घरों, होटलों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में 1,000 से अधिक लोग और लाखों पशु मारे गए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने अपने ताजा अपडेट में कहा, जून में जारी मूसलाधार बारिश और उसके बाद आई बाढ़ के बाद से, कम से कम 1,000 लोग मारे गए हैं, जबकि 1,527 लोग घायल हुए हैं। आपदा में 949,858 घर आंशिक रूप से या पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जिससे देश में लाखों लोग बेघर हो गए हैं।

एनडीएमए के अनुसार, मरने वालों में 348 बच्चे और 207 महिलाएं हैं।

मौजूदा मानसून के दौरान, सिंध प्रांत सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रहा, जहां विभिन्न दुर्घटनाओं में 347 लोग मारे गए और 1,009 अन्य घायल हो गए।

देश भर में अचानक आई बाढ़ में करीब 3,451 किलोमीटर सड़कें, 149 पुल और 170 दुकानें बह गईं।

देश भर में भारी बारिश से अनुमानित 719,558 पशुओं की मौत हुई।

आईएएनएस
इस्लामाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment