Shinzo Abe Shot: शिंजो आबे की हालत पर भावुक हुए जापानी PM किशिदा, बोले- माफ नहीं करेंगे बर्बर हमला
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए जानलेवा हमले के बाद जापानी पीएम किशिदा ने कहा कि उनकी हालत बेहद नाजुक है। उन्होंने बताया कि शिंजो को बचाने की हर संभव कोशिश हो रही है।
![]() |
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि गोली लगने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की ‘हालत गंभीर’ है। उन्होंने आबे के ठीक होने की उम्मीद जतायी।
आबे को शुक्रवार को पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान भाषण देते वक्त गोली मारी गयी। स्थानीय दमकल अधिकारी मोकोतो मोरिमोतो ने बताया कि आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाते वक्त उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गयी थी।
घटना के बाद किशिदा एक चुनाव प्रचार स्थल से टोक्यो लौट आए हैं। वह और आबे एक ही राजनीतिक दल के हैं।
किशिदा ने प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि आबे का उत्कृष्ट उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल से पूर्व प्रधानमंत्री के ठीक होने की दुआ कर रहा हूं।’’
किशिदा ने इस हमले को ‘‘कायराना और बर्बर’’ बताया और कहा कि चुनावी अभियान के दौरान हुआ यह अपराध पूरी तरह अक्षम्य है।
पुलिस ने नारा में घटनास्थल पर संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
आबे ने 2020 में यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आयी है।
उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात’’ है। उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।
| Tweet![]() |