श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया
श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और देश के समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में उनकी दो नौकाएं भी जब्त कर ली हैं।
![]() श्रीलंकाई नौसेना ने 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया |
इसी के साथ ही श्रीलंका द्वारा पिछले दो दिनों में पकड़े गए भारतीयों की संख्या बढ़कर 55 हो गयी है।
सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये गिरफ्तारियां रविवार को श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में मन्नार के दक्षिण में की गयी। इससे एक दिन पहले ही श्रीलंकाई नौसेना ने जाफना में डेल्फ्ट द्वीप के दक्षिणपूर्व समुद्री क्षेत्र में 43 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और उनकी मछली पकड़ने की छह नौकाओं को जब्त कर लिया था।
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में भारतीय मछुआरों की नौकाओं को आने से रोकने और अवैध रूप से मछलियां पकड़ना रोकने के लिए नौसेना द्वारा चलाए जा रहे एक अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उत्तरी और उत्तर मध्य नौसेना कमानों द्वारा 18 और 19 दिसम्बर को चलाए गए अभियान के दौरान 55 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी आठ नौकाओं को जब्त किया गया है।’
कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन करते हुए यह अभियान चलाया गया। बयान के मुताबिक, भारतीय मछुआरों की ‘रैपिड एंटीजन’ जांच के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें संबंधित प्राधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। आए दिन दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे की समुद्री सीमा में घुसने के लिए गिरफ्तार किया जाता है। मछुआरों का मुद्दा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक प्रमुख अड़चन बन गया है।
55 मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन : श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 55 मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में विभिन्न मछुआरा संघों के नेताओं के नेतृत्व में 200 से अधिक मछुआरों ने यहां प्रदर्शन किया और उनकी शीघ्र रिहाई की मांग की। गिरफ्तारी के खिलाफ रामेरम में रविवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल कर रहे मछुआरों ने श्रीलंकाई अधिकारियों से मछुआरों को शीघ्र रिहा करने और उनकी नौकाएं छोड़ने की मांग की है।
मछुआरा संघ के नेता पी सेसु राजा ने पत्रकारों से कहा कि वे बुधवार को थांगचीमदम में एक दिवसीय भूख हड़ताल करेंगे। श्रीलंका सरकार ने अगर गिरफ्तार मछुआरों को रिहा नहीं किया, तो वे एक जनवरी को रेल रोको आंदोलन भी करेंगे।
जाफना की एक अदालत ने तमिलनाडु के सभी 55 गिरफ्तार भारतीय मछुआरों को 31 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उन्हें जाफना की जेल में बंद कर दिया गया है।
| Tweet![]() |