बांग्लादेश में मंदिरों पर हमले, चार की मौत, 43 हिरासत में

Last Updated 15 Oct 2021 01:16:22 AM IST

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा समारोहों के दौरान कुछ अज्ञात मुस्लिम उपद्रवियों ने हिंदुओं के कुछ मंदिरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके चलते सरकार को 22 जिलों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती करनी पड़ी है।


बांग्लादेश में मंदिरों पर हमले, चार की मौत, 43 लोग हिरासत में

मीडिया की खबरों में बृहस्पतिवार को बताया गया कि संघर्ष में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, बॉर्डर गार्डस बांग्लादेश (बीजीबी) के सैनिकों को देशभर के 22 जिलों में हिंसा को रोकने के लिए तैनात किया गया है। खबरों के अनुसार, बुधवार को कमीला की सीमा से लगे चांदपुर के हाजीगंज उपजिले में पुलिस और मुस्लिम उपद्रवियों के बीच संघर्ष के दौरान तीन लोग मारे गए, वहीं एक अन्य शख्स की बाद में मृत्यु हो गई।

अधिकारियों ने हाजीगंज में रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया है जहां अधिकारियों ने गोली लगने से चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। संघर्ष में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कहा, उनके कुछ अधिकारी भी जख्मी हुए हैं, क्योंकि भीड़ ने पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला कर दिया था और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की थी।

हालांकि उन्होंने यह नहीं स्पष्ट किया कि लोग पुलिस कार्रवाई में मारे गए हैं या नहीं, लेकिन खबरों में बताया जा रहा है कि पुलिस ने 500 से अधिक लोगों की भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी थी।

अधिकारियों के अनुसार, यहां से करीब 100 किलोमीटर दूर कमीला में दुर्गा पूजा पंडाल में कथित ईशनिंदा की घटना के बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद जांच शुरू की गई। कमीला, पड़ोस के हाजीगंज, हतिया और बांसखाली तटीय उप जिलों के कुछ हिस्सों में भी उपद्रवियों के मंदिरों पर हमले के बाद हिंसा भड़क गई।

सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए बड़े स्तर पर किया गया। पुलिस ने बताया, उन्होंने अब तक हिंसा के सिलसिले में 43 लोगों को हिरासत में ले लिया है। कमीला पूजा स्थल का पहला वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले लोगों को भी हिरासत में रखा गया है।

घटनाक्रम पर भारत की लगातार नजर
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि बांग्लादेश में दुर्गापूजा समाराहों के दौरान चंद धार्मिक स्थलों पर कुछ घटनाए घटी है, कुछ हमले हुए। यह हमारी नजर में है, हमें इसकी जानकारी है। इस बारे में हम बांग्लादेश सरकार के साथ संपर्क में हैं।

उन्होंने कहा, हमने देखा है कि बांग्लादेश की सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है, उनकी पुलिस को लगाया है, सुरक्षा कदम उठाए हैं। बांग्लादेश में दुर्गापूजा त्योहार मनाया जा रहा है। इसे वहां की सरकार और लोगों के सहयोग से मनाया जा रहा है। भारतीय उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास ढाका एवं अन्य स्थानों पर प्रशासन के संपर्क में है।

भाषा
ढाका


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment