दुनियाभर में भारतीयों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया
दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे भारतीयों ने भारत का 74वां स्वतंत्रता दिवस तिरंगा फहरा कर, राष्ट्रगान और देशभक्ति भरे गीत गाकर मनाया।
![]() दुनियाभर में भारतीयों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया |
हालांकि, कोरोना महामारी के देखते हुए उन्होंने सामाजिक दूरी और मास्क पहनने के नियम का इस दौरान अनुपालन किया। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनिशिया, सिंगापुर, चीन, बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, इस्राइल और अन्य देशों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय मिशनों में कार्यक्रम आयोजित किए गए और वहां रह रहे हजारों भारतीयों ने तिरंगे और राष्ट्रगान के साथ पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
पेइचिंग में भारतीय राजदूत विक्रम मिस्री ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘इंडिया हाउस’ में तिरंगा फहराया और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। ब्रिटेन में भारत की उच्चायुक्त गायत्री इस्सर कुमार ने लंदन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार को वैश्विक भारतीयों के बीच ‘प्रेम’ की सराहना की जो लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद साथी भारत वासियों की मदद के लिए एकजुट हुए। कुमार ने ‘इंडिया हाउस’ में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर सीमित संख्या में उच्चायोग के राजनयिक और अधिकारी मौजूद थे।
इस्राइल के राष्ट्रपति रियुवेन रिवलिन ने वीडियो संदेश के जरिये भारत को 74वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, दोनों देशों और लोगों में गहरी दोस्ती और साझेदारी ऐसे ही फलती-फूलती रहे। सिंगापुर में रह रहे भारतीयों ने उच्चायुक्त (नामित) पी. कुमारन को लाइव फेसबुक पर शुभकामनाएं भेजकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। कुमारन ने कोरोना महामारी की वजह से उत्पन्न चुनौतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह स्वतंत्रता दिवस बेहद ही कठिन परिस्थितियों में आया है।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने फूलों और रोशनी से इमारत की सजावट की गई तस्वीर साझा की। न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में भारतीय उच्चायोग द्वारा स्वतंत्रता दिवस ‘वेलिंगटन इंडियन एसोसिएशन’ में मनाया गया जहां भारतीय उच्चायुक्त मुक्तेश परदेशी ने तिरंगा फहराया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं चु¨नदा लोगों को संबोधित किया। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
इंडोनिशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय दूतावास ने कोरोना की पाबंदी की वजह से भारतीय समुदाय के लोगों और भारत के मित्रों को समारोह के लिए अपने यू ट्यूब चैनल से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया। बांग्लदेश में ढाका में भारतीय उच्चायुक्त रीवा गांगुली ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति के संदेश को पढ़ा। नेपाल की राजधानी काठमांडो स्थित भारतीय दूतावास परिसर में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले ने ‘इंडिया हाउस’ में नागचंपा (ना ट्री) का पौधा रोपा, जो मैत्रेय बुद्ध के बोधित्व से जुड़ा है। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में भारतीय राजदूत पवन कपूर ने दूतावास के कर्मचारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया।
| Tweet![]() |