सम्राट अशोक के संदेश की याद दिलाई उप महासचिव ने

Last Updated 17 Jun 2019 07:47:17 AM IST

संयुक्त राष्ट्र उप महासचिव अमीना मोहम्मद ने दुनियाभर में बढ़ती असहिष्णुता के बीच विविधता और समावेश के महत्व पर जोर देते हुए सभी धर्मों के लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण रिश्तों के भारतीय सम्राट अशोक के संदेश का उल्लेख किया।


संयुक्त राष्ट्र उप महासचिव अमीना मोहम्मद (फाइल फोटो)

अमीना ने धर्मस्थलों पर हमलों और अल्पसंख्यकों, शरणार्थियों तथा किसी को खुद से अलग समझकर उस पर निशाना साधकर की जा रही हिंसा के समय में बहुलवाद के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने लिस्बन में ग्लोबल सेंटर फॉर प्लुरलिज्म में कहा, ‘हजारों सालों से विद्वान और दार्शनिक एकता और बहुलवाद, संपूर्ण और उसके घटकों के बीच तनाव पर बहस करते आ रहे हैं। दो सहस्रब्दियां पहले भारतीय सम्राट ‘अशोक महान’ ने सभी धर्मों के लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण रिश्तों तथा एक दूसरे के धर्मग्रंथों के प्रति सम्मान रखने का संदेश दिया था।’ ‘अशोक महान’ के नाम से प्रसिद्ध सम्राट अशोक मौर्य वंश के शासक थे जिन्होंने 268 ईसापूर्व से 232 ईसापूर्व तक लगभग पूरे भारतीय उपमहाद्वीप पर शासन किया था। अमीना ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया में बहुलवाद के वचन को पूरा करने के लिए लंबा रास्ता तय करना है।

संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव ने देशों में बढ़ती असहिष्णुता और भेदभाव के प्रति चिंता जताते हुए कहा कि प्राथमिकताओं को फिर से तय करने और आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक प्रणालियों को पुनर्गठित करने की बहुत जरूरत है। उन्होंने न्यूजीलैंड में मस्जिदों पर, श्रीलंका में गिरजाघरों पर हमलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उपासना की जगहों पर बढ़ते हुए ये हमले एक दूसरे के प्रति और मानवता के प्रति सम्मान की कमी के उदाहरण हैं।

भाषा
संयुक्त राष्ट्र


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment