आध्यात्मिक मार्ग

Last Updated 15 Dec 2021 12:23:18 AM IST

आप आध्यात्मिक मार्ग पर होते हैं, तो कहते हैं, ‘मुझे अपनी अंतिम मंजिल पर पहुंचने की जल्दी है’।


सद्गुरु

अब आप 100 जन्म नहीं चाहते। और अगर आप को और सौ जन्म लेने पड़े तो आप इतने कर्म बंधन बना लेंगे कि वो अगले हजार जन्मों तक चलेंगे। लेकिन आप इस सब को खत्म करना चाहते हैं तो जब आध्यात्मिक प्रक्रिया शुरू होती है, अगर आप को खास ढंग से दीक्षित किया जाए तो ऐसे आयाम खुल जाते हैं, जो इसके बिना न खुलते। कुछ साल पहले मैं जर्मनी में था और कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुझे फ्रांस जाना था, जो 440 किमी. दूर था। मैं जहां पर था, वहां से सामान्य रूप से 5 घंटे की यात्रा थी। मैं  रास्ते पर 5 घंटे बिताना नहीं चाहता था, इसलिए मैंने कार की गति काफी बढ़ा दी और हम लगभग 200 किमी. प्रति घंटे की गति पर चल रहे थे।

उस भाग में ग्रामीण क्षेत्र बहुत सुंदर था और मैंने सोचा था कि मैं उसे देखने का आनंद लूंगा। पर जब भी मैं आंखें घुमाता था, तो सब कुछ धुंधला दिखता था और मैं रास्ते पर से एक क्षण से ज्यादा नजर हटा नहीं सकता था। बर्फ गिर रही थी और हम बहुत तेज गति से जा रहे थे। तो जब आप तेज गति से जाते हैं, तब सब कुछ धुंधला दिखता है, और आप जो कर रहे हैं, उस पर से दृष्टि नहीं हटा सकते। अगर आप को ग्रामीण दृश्यों का आनंद लेना है, तो आराम से और धीरे धीरे जाना होगा। पर यदि आप अपनी मंजिल पर पहुंचने की जल्दी में हैं, तो आप को गति बढ़ानी होगी और आप कुछ भी देख नहीं पाएंगे, आप बस जा रहे होंगे। आध्यात्मिक मार्ग भी ऐसा ही है।

अगर आप आध्यात्मिक मार्ग पर हैं, तो आप के चारों ओर सब कुछ गड़बड़ होगा, उल्टा-सीधा होगा लेकिन आप फिर भी गतिमान रहते हैं, तो यह ठीक है। क्या यह ठीक है? अगर ठीक नहीं है, तो आप आराम से मानवीय विकास दर पर चल सकते हैं, पर तब शायद आप को वहां पहुंचने में लाखों साल लग जाएं। उनके लिए, जो जल्दी में हैं, एक प्रकार का मार्ग होता है, और जो जल्दी में नहीं हैं, उनके लिए अलग ढंग का मार्ग है। आपको स्पष्ट होना चाहिए कि आप आखिर, चाहते क्या हैं? आप अगर तेज गति के मार्ग पर हैं पर धीरे चलते हैं, तो आप गाड़ी के नीचे आ जाएंगे। यदि आप धीमी गति के मार्ग पर हैं पर तेज चल रहे हैं, तो आप का चालान हो जाएगा। इसलिए प्रत्येक जिज्ञासु को यह तय कर लेना होगा-वह बस मार्ग का आनंद लेना चाहता है, या मंजिल पर जल्दी पहुंचना चाहता है?



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment