रचनात्मक बनें

Last Updated 15 Jan 2019 12:23:49 AM IST

किसी फर्श को साफ करना अत्यधिक रचनात्मक कार्य हो सकता है। रचनात्मकता का किसी कार्य विशेष के साथ संबंध नहीं होता। आपकी चेतना की गुणवत्ता से होता है।


आचार्य रजनीश ओशो

यदि आप जान जाएं कि रचनात्मकता क्या होती है तो आप जो भी करते हैं, वह रचनात्मक हो सकता है।

रचनात्मकता का अर्थ है किसी भी कार्य को चिंतन के रूप में करना; किसी भी कार्य को अत्यधिक प्रेम से करना। क्या आप सोच रहे हैं कि यदि आप पेंट करते हैं, तो आप रचनात्मक महसूस करेंगे? लेकिन पेंट करना फर्श साफ करने की तरह ही एक साधारण कार्य है। आप एक कैनवस पर रंग फेकेंगे। इसी तरह आप फर्श की धुलाई और सफाई के दौरान करते हैं।

अंतर क्या है? किसी से बात करने पर आपको महसूस होता है कि समय बर्बाद हुआ है। आप एक महान किताब लिखना चाहते हो; ऐसा करके आप रचनात्मक बन जाएंगे। लेकिन एक मित्र आया है, तो थोड़ी गपशप करना अच्छा है। रचनात्मक बनें। सभी महान धर्म ग्रंथ कुछ और नहीं, बल्कि रचनात्मक लोगों की बातचीत ही हैं। मैं यहां क्या कर रहा हूं? बातचीत।

किसी दिन यही सिद्धांत बन जाएंगे लेकिन असल में यह बातचीत है। मुझे यह करने में आनंद आता है। यदि आप सच में कुछ पसंद करते हैं तो वह रचनात्मक हो जाता है। समझदार व्यक्ति हमेशा रचनात्मक होता है। ऐसा नहीं है कि रचनात्मक बनने की कोशिश करता है। उसके बैठने का ढंग एक रचनात्मक कार्य होता है। उसे बैठते हुए देखें। आप उसकी गतिविधि में नृत्य का एक निश्चित गुण देखेंगे, एक निश्चित गौरव। जीवन छोटी-छोटी चीजों से ही बनता है; बस, आपका अहं कहता रहता है कि ये छोटी चीजें हैं।

आप कुछ महान कार्य करना चाहते हैं महान कविता। आप शेक्सपियर, कालिदास या मिल्टन बनना चाहते हैं। यह आपका अहं है जो परेशानियां पैदा कर रहा है। अपना अहं दूर करें और देखें, सब कुछ रचनात्मक है। यदि आप प्रेम नहीं करते तो आपका अहं कहता रहेगा, ‘यह आपके लायक नहीं है।’ सफाई करना महान है। अहं न पालें। जब अहं आता है और आपको कुछ महान चीजों के लिए उकसाता है तो तुरंत सावधान हो जाएं और अहं छोड़ दें और फिर आप स्वयं तुच्छ बातों को पवित्र पाएंगे। अपवित्र कुछ भी नहीं है, सब कुछ पवित्र है।

जिसे आप संत कहते हैं, वह पवित्र व्यक्ति नहीं है। हो सकता है कि संत केवल अहं के साथ जी रहा हो और आपको संत इसलिए भी दिख रहा हो क्योंकि उसने महान कार्य किए हैं। असल में, एक पवित्र व्यक्ति वह है जो साधारण जीवन पसंद करता हो।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment