अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना क्यों है शुभकारी, जानिए यहां...

Last Updated 21 Apr 2023 04:22:13 PM IST

सोना ऐश्वर्य, सुख-समृद्धि और सौंदर्य का प्रतीक है। पर्व-त्योहारों में सोने को शुभ माना जाता है।


देशभर में 22 अप्रैल यानि शनिवार को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा। अक्षय तृतीया का दिन विवाह, मांगलिक कार्यों और सोने की खरीदारी के लिए बेहद शुभ माना जाता है।

अक्षय तृतीया को हिंदू धर्मावलम्बी साल के सबसे पवित्र दिनों में से एक मानते हैं। वैशाख माह के शुक्ल पक्ष के तीसरे दिन को अक्षय तृतीया कहा जाता है, जो वैदिक कैलेण्डर में दिये गये वर्ष के चार सबसे शुभ दिनों में से एक है।

वैदिक मान्यता के मुताबिक इस दिन सूर्य और चंद्र दोनों का ही प्रकाश चरम पर होता है। इसी दिन विष्णु अवतार भगवान परशुराम का जन्म भी हुआ था। साथ ही यह भी मान्यता है कि इसी दिन से विश्व में स्वर्ण युग का आरम्भ हुआ था।

मान्यता है कि इस दिन खरीदी गयी वस्तु का कभी क्षय नहीं होता, जिसके चलते इसे अक्षय तृतीया कहा जाता है। इस मान्यता के चलते अक्षय तृतीया के दिन लोग सोने, चांदी या हीरा आदि के आभूषणों की खरीद में ज्यादा रुचि लेते हैं। उनका मानना है कि अक्षय तृतीया के दिन की जाने वाली खरीदारी शाश्वत समृद्धि का प्रतीक है और घर में सुख और समृद्धि लाती है।

अक्षय तृतीया को अखा तीज के नाम से भी जाना जाता है। धर्म ग्रंथों के अनुसार इस दिन किए गए शुभ कार्य और जप-तप आदि का संपूर्ण फल व्यक्ति को प्राप्त होता है। इसीलिए इसे अक्षय तृतीया कहते हैं।

अक्षय का अर्थ होता है कभी खत्म न होना। यही कारण है कि इस दिन मांगलिक कार्यों के साथ-साथ सोने की खरीदारी शुभ मानी जाती है।

अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी की विशेष तौर पर पूजा होती है। अक्षय तृतीया के शुभकाल में देवी लक्ष्मी ने भगवान विष्णु की उपासना की थी। इसलिए लक्ष्मी के प्रतीक के रूप में सोना खरीदना शुभ माना जाता है।

धर्मगुरुओं के मुताबिक इस दिन सरोवर में स्नान करने और सूर्य की पूजा करके दान करने का भी विधान है, जिससे अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। यह दिन विवाह के लिए काफी शुभ माना जाता है।

मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन शादी करने वाले अगले सात जन्मों तक उसी जीवनसाथी को हासिल करते हैं। इसके अलावा भगवान विष्णु ने देवी लक्ष्मी से विवाह के लिए यही दिन निश्चित किया था। इसलिए इस दिन को पवित्र माना जाता है। सिर्फ शादियों के लिए ही नहीं, यह दिन नया कारोबार शुरू करने के लिए भी शुभ माना जाता है।

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment