बंगाल में मनाया गया महालया का पर्व, अधिमास के कारण एक महीने बाद शुरू होगी दुर्गा पूजा

Last Updated 17 Sep 2020 02:44:52 PM IST

पश्चिम बंगाल में गुरूवार को महालया के अवसर पर लाखों लोगों ने ‘तर्पण’ किया। हालांकि, इस साल दुर्गा पूजा महोत्सव, अधिमास के कारण एक महीने बाद शुरू होगा।




कोविड-19 महामारी के बीच राज्यभर में लाखों लोगों ने हुगली और अन्य नदियों तथा जलाशयों के किनारे अपने पुरखों का तर्पण किया।       

आकाशवाणी पर सुबह देवी दुर्गा को समर्पित महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का प्रसारण किया गया। आकाशवाणी पर महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र के पाठ का सीधा प्रसारण पहली बार 1930 के दशक में किया गया था जिसके बाद प्रतिवर्ष महालया के अवसर पर इसका प्रसारण किया जाता है।       

हुगली के विभिन्न घाटों पर कोई अप्रिय घटना न हो इसलिए जल यातायात पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी थी।       

अधिकारियों ने कहा कि कोलकाता के 18 घाटों पर तर्पण किए जाने के दौरान उचित सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया।       

पितृ पक्ष के अंतिम दिन, परिवार के वरिष्ठ जन अपने पुरखों को जल देकर उन्हें ‘तृप्त’ करते हैं, इस अनुष्ठान को तर्पण कहा जाता है।       

कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घाटों पर तैनात किया गया है जबकि नागरिक पुलिस स्वयंसेवियों को सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए तैनात किया गया है।       पुलिस ने कहा कि घाटों के आसपास सड़कों पर वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित है।     

महालया पर मूर्तिकार, देवी दुर्गा की प्रतिमाओं की ऑंखें बनाते हैं और इस परंपरा को ‘चोखु दान’ कहा जाता है। इस साल दुर्गा पूजा एक महीने बाद शुरू होने के कारण यह परंपरा नहीं हुई।     

ऐसा कहा जाता है कि महालया अमावस्या के ही दिन मां दुर्गा की प्राकट्य हुई थी औऱ उन्होंने इस धरती को पापियों से मुक्ति दिलाई थी। दरअसल महालया को दुर्गा पूजा की शुरुआत और पितृपक्ष का समापन माना जाता है। इसी दिन मां दुर्गा से धरती पर आने की प्रार्थना की जाती है। 

बंगाली संवत में कार्तिक महीना शुक्रवार को शुरू हो रहा है लेकिन ‘मलमास’ या ‘अधिमास’ होने के कारण दुर्गा पूजा का पर्व 22 अक्टूबर से शुरू होगा। इस वर्ष 17 सितंबर को महालया के साथ विश्वकर्मा पूजा का उत्सव भी मनाया गया।

मोदी ने महालया पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को महालया के मौके पर देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।    

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘इस महालया में हम मां दुर्गा से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी को कोरोना महामारी से पार पाने की शक्ति प्रदान करें। मां दुर्गा के आशीर्वाद से हर किसी को उत्तम स्वास्थ्य और खुशी सुनिश्चित हो। संसार समृद्ध हो। शुभ महालया।’’ 

कोरोना के कारण दुर्गा पूजा के उत्साह में कमी नहीं : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के प्रकोप के बावजूद राज्य में दुर्गा पूजा समेत किसी भी अन्य पर्व को प्रभावित नहीं होने दिया जायेगा और सभी पर्व पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाये जायेंगे।     

बनर्जी ने गुरुवार को महालया के अवसर पर कहा, ‘‘महालया के शुभ अवसर पर, मैं सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। यद्यपि कोविड-19 के कारण हमारे त्योहार काफी प्रभावित हुए हैं और हम आम तौर पर जिस तरह से त्योहारों को मनाते हैं उनमें काफी परिवर्तन आया है। लेकिन इस बार हम कोरोना के कारण दुर्गा पूजा का उत्साह और उल्लास कम नहीं होने देंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘महालाया प्रोतिश्रुति के अवसर पर मैं प्रत्येक घर को प्रकाशमय करने का आश्वासन देती हूं। इस अवसर पर मैं वचन देती हूं कि इस बार कोरोना के कारण दुर्गा पूजा समेत किसी भी अन्य त्योहार के उत्साह और उल्लास को कम नहीं होने दिया जायेगा।’’  

बनर्जी ने इस अवसर पर सभी से आगे आकर खुशियां बांटने और लोगों की मदद करने का आग्रह भी किया।

भाषा/वार्ता
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment