हिंदी सिने प्रेमियों के पास नए साल में देखने के लिए काफी कुछ है जिसमें बड़े बजट वाले शानदार सिनेमा के साथ ही कई फिल्में शामिल हैं।
 |
साल 2024 में रिलीज होने वाली कुछ बहु प्रतीक्षित फिल्में इस प्रकार हैं :
मैरी क्रिसमस : कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति अभिनीत इस रहस्य थ्रिलर फिल्म से कहानीकार श्रीराम राघवन 2016 में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘‘अंधाधुन’’ के बाद वापसी करेंगे। इस फिल्म का ट्रेलर पहले ही थ्रिलर प्रेमियों के बीच काफी चर्चा बटोर चुका है। यह फिल्म 12 जनवरी को रिलीज होगी।
('मेरी क्रिसमस' एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जो 12 जनवरी को हिंदी और तमिल में रिलीज होगी। फिल्म एक रहस्यमई रात की कहानी है।)
फाइटर : निर्देशक सिद्धार्थ आनंद अपनी नयी फिल्म ‘फाइटर’ के जरिए देशभक्ति और वीरता जैसी थीम के साथ ही ‘‘पठान’’ की सफलता को दोहराना चाहते है। इस फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर हैं। यह 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'फाइटर' गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी को सिनेमाघरों का रुख करेगी।
योद्धा : सिद्धार्थ मल्होत्रा की मुख्य भूमिका वाली इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म का निर्देशन सागर आम्ब्रे और पुष्कर ओझा ने किया है। धर्मा प्रोडक्शन वाली यह फिल्म कई दिन की देरी के बाद अब आखिरकार 15 मार्च को रिलीज होगी।
द क्रू : पूरी तरह महिलाओं द्वारा अभिनीत इस फिल्म में तब्बू, करीना कपूर खान और कीर्ति सैनन दिखायी देंगी। यह कॉमेडी फिल्म संघर्ष का सामना कर रहे एयरलाइन उद्योग पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन राजेश कृष्णन ने किया और इसे रिया कपूर तथा एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 22 मार्च को सिनेमाघरों में दिखायी देंगी।
बड़े मियां छोटे मियां : यह 1998 में आयी गोविंदा और अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म का रीमेक है और इसमें अक्षय कुमार तथा टाइगर श्रॉफ दिखेंगे। इसका निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया है। फिल्म 11 अप्रैल को रिलीज होगी।
चंदू चैम्पियन : खेल ड्रामा ‘‘83’’ के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे कबीर खान की इस फिल्म में कार्तिक आर्यन सैनिक से एथलीट बने व्यक्ति के एकदम नए अवतार में दिखायी देंगे। यह फिल्म फ्रीस्टाइल तैराक और भारत के पहले पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित है। यह फिल्म सिनेमाघरों में 14 जून को रिलीज होगी।
कल्कि 2898 AD: नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही फिल्म 'कल्कि 2898 AD' पिछले काफी समय से अपनी रिलीज को लेकर सुर्खियों में बनी हुई है। सैन डिएगो में हुए कॉमिक-कॉन इवेंट में इस फिल्म का टीजर जारी किया गया था। इस फिल्म के जरिए पहली बार प्रभास और दीपिका पादुकोण की जोड़ी बनने जा रही है, वहीं अमिताभ बच्चन इसमें विलेन की भूमिका में दिखने वाले हैं। फिल्म 12 जनवरी को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी।
मैं अटल हूं: एक्टर पंकज त्रिपाठी फिल्म 'मैं अटल हूं' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभा रहे हैं। रवि जाधव के निर्देशन में बनी इस फिल्म का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इस फिल्म में जुबिन नौटियाल के गाए गाने को लोगों ने काफी पसंद भी किया है। फिल्म में अटल के जीवन और राजनीति संघर्षों को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 19 जनवरी को रिलीज होगी।
सिंघम अगेन : पुलिस पर आधारित फिल्में बनाने के लिए पहचाने जाने वाले रोहित शेट्टी की नयी फिल्म से बाजीराव सिंघम की भूमिका में अजय देवगन की वापसी होगी और इस बार उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी अक्षय कुमार तथा रणवीर सिंह भी दिखायी देंगे। इसमें दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ भी दिखायी देंगे। यह फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होगी।
इसके अलावा रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या की फिल्म 'लाल सलाम' 12 जनवरी को रिलीज होने वाली है। ऐश्वर्या ने फिल्म का निर्देशन किया है, वहीं रजनीकांत इसमें कैमियो करने वाले हैं। उधर महेश बाबू भी अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'गुंटूर कारम' 12 जनवरी को लेकर आ रहे हैं।
| | भाषा/समय लाइव डेस्क | मुंबई/नई दिल्ली |
|
 |